Skip to content

Punjab News: पंजाब में सगे भाई का कत्ल, हत्या के बाद फरार हुआ AAP नेता; पुलिस तलाश में जुटी

अमृतसर के गांव पंडोरी वड़ैच में जमीन विवाद के चलते AAP नेता किरणदीप सिंह कैमी पर छोटे भाई सिमरदीप सिंह की गोली मारकर हत्या करने का आरोप। आरोपी फरार, पुलिस की छापेमारी जारी।

Punjab News: पंजाब में सगे भाई का कत्ल, हत्या के बाद फरार हुआ AAP नेता; पुलिस तलाश में जुटी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: पंजाब के अमृतसर में जमीन विवाद को लेकर एक सगे भाई ने अपने ही छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या का आरोप आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और मृतक के बड़े भाई किरणदीप सिंह कैमी पर है। वारदात के दूसरे दिन भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

पुलिस की टीमें उसकी तलाश में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं। वहीं, मृतक सिमरदीप सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा। यह सनसनीखेज वारदात अमृतसर के हलका अटारी में मजीठा रोड स्थित गांव पंडोरी वड़ैच की है। दोनों सगे भाइयों के बीच पिछले करीब दो साल से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।

सिर और छाती में मारी दो गोलियां, मौके पर मौत

इसी रंजिश के चलते मंगलवार को विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने लाइसेंसी पिस्टल से छोटे भाई पर गोलियां चला दीं।पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे दोनों भाइयों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान किरणदीप सिंह कैमी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से छोटे भाई सिमरदीप सिंह पर दो गोलियां चला दीं।

एक गोली उसके सिर में और दूसरी छाती के दाईं तरफ लगी। गोलियां लगने से सिमरदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय घर में दोनों भाई ही मौजूद थे। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

भाई की हत्या के बाद जीजा को किया फोन

वारदात के बाद आरोपी ने अपने जीजा को फोन किया और बताया कि उसने अपने भाई को गोली मार दी है और उसकी लाश घर में पड़ी है। इसके बाद जीजा ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर घटना की जानकारी दी।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

सूचना मिलने पर पुलिस टीम गांव पंडोरी वड़ैच पहुंची। वहां घर की रसोई में सिमरदीप सिंह का शव पड़ा मिला। पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

भाभी से मारपीट का VIDEO वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह सिमरदीप सिंह ने अपनी भाभी के साथ मारपीट की थी। इस दौरान उसने घटना का वीडियो भी बनाया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद दोनों भाइयों के बीच विवाद और बढ़ गया। हालांकि, हत्या के पीछे की पूरी वजह जानने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

जमीन विवाद के साथ नशे को लेकर भी पारिवारिक तनाव

एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

वहीं, डीएसपी यादविंदर सिंह के मुताबिक, जमीन विवाद के अलावा परिवार में नशे का सेवन करने और नशा बेचने को लेकर भी विवाद रहने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

दूसरे दिन भी फरार आरोपी, पुलिस की छापेमारी जारी

छोटे भाई की हत्या के बाद आरोपी किरणदीप सिंह कैमी फरार है। वारदात के दूसरे दिन भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है। आरोपी की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों के बयान भी दर्ज कर रही है। वहीं, मृतक सिमरदीप सिंह के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। इस वारदात से गांव पंडोरी वड़ैच में शोक और तनाव का माहौल है।