डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब और चंडीगढ़ में दिवाली का त्योहार जहां धूमधाम से मनाया गया, वहीं आतिशबाजी के दौरान कई दर्दनाक हादसे भी हुए। पटाखों की चिंगारी से आग लगने, धमाकों में लोगों के घायल होने और आपसी विवादों की कई घटनाएं सामने आईं।
लुधियाना के जगराओं में पटाखा चलाने के दौरान एक परिवार ने अपना इकलौता बेटा खो दिया। खन्ना में 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जबकि जालंधर में आग लगने से एक अधेड़ व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। इसके अलावा फाजिल्का में पटाखे चलाने और तेज रफ्तार बाइक को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई। अबोहर में जलता हुआ सुतली बम कमरे में फेंकने से 12 साल की बच्ची और उसकी दादी झुलस गईं।
जगराओं में पटाखे से इकलौते बेटे की मौत, खन्ना में 25 से ज्यादा घायल
चंडीगढ़ में भी दिवाली की रात पटाखों से घायल और झुलसे मरीजों की अस्पतालों में भीड़ लगी रही। लुधियाना जिले के जगराओं में दिवाली की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। पटाखा चलाने के दौरान धमाका एक युवक की गर्दन के पास हुआ, जिससे उसकी मौत हो गई।
वह परिवार का इकलौता बेटा था। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। वहीं, खन्ना में दिवाली की आतिशबाजी के दौरान 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में पहुंचाया गया।
जालंधर में आग से अधेड़ की जिंदा जलकर मौत, गोदाम भी बना आग का शिकार
जालंधर में दिवाली की रात दो बड़ी आग की घटनाएं सामने आईं। एक घर में आग लगने से अधेड़ व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई।
दूसरी घटना में पटाखे की चिंगारी से एक गोदाम में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद एहतियात के तौर पर आसपास के घरों को खाली करवाना पड़ा। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
फाजिल्का में पटाखे चलाने को लेकर दो पक्षों में झड़प
फाजिल्का में तेज रफ्तार बाइक चलाने और गली में पटाखे फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
इस घटना में महिलाओं समेत दोनों पक्षों के करीब 8 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दिवाली की खुशियां इस विवाद के कारण तनाव में बदल गईं।
अबोहर में जलता सुतली बम कमरे में फेंका, बच्ची और दादी झुलसीं
अबोहर में कुछ युवकों ने एक घर के रोशनदान से जलता हुआ सुतली बम कमरे में फेंक दिया। कमरे में हुए जोरदार धमाके और कपड़ों में आग लगने से सो रही 12 साल की बच्ची और उसकी दादी झुलस गईं।
दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा अबोहर में अलग-अलग स्थानों पर दुकानों, गोदामों और खाली प्लॉटों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आईं।
चंडीगढ़ में अस्पताल पहुंचे 1457 मरीज, PGI में पटाखों से घायल 7 लोगों का इलाज
दिवाली की रात चंडीगढ़ के अस्पतालों में भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। PGI और अन्य अस्पतालों में कुल 1457 मरीजों का इलाज किया गया।
PGI के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में 7 मरीजों को उपचार के लिए लाया गया। इनमें 4 मरीजों के हाथ में पटाखे फटने से गंभीर चोटें आई थीं, जबकि 3 मरीज कपड़ों में आग लगने के कारण झुलस गए थे।
दिवाली के बाद पंजाब की हवा हुई जहरीली
दिवाली पर पटाखे जलाने और पराली में आग लगाने की घटनाओं के बाद पंजाब के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सोमवार, 9 नवंबर की सुबह 8 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, मंडी गोबिंदगढ़ 382 AQI के साथ राज्य का सबसे प्रदूषित शहर रहा।
जालंधर 327 AQI के साथ दूसरे और लुधियाना 306 AQI के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इन तीनों शहरों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। पंजाब के अन्य शहरों की स्थिति भी चिंताजनक रही। खन्ना में AQI 274, अमृतसर में 244 और पटियाला में 201 दर्ज किया गया। वहीं, चंडीगढ़ में AQI 134 रहा, जहां दूसरे शहरों के मुकाबले हवा की गुणवत्ता अपेक्षाकृत बेहतर दर्ज की गई।
दिवाली के बाद प्रदूषण और हादसों ने बढ़ाई चिंता
पंजाब और चंडीगढ़ में दिवाली के दौरान हुई आग की घटनाओं, पटाखों से घायल लोगों और सड़क व आपसी विवादों ने त्योहार की खुशियों पर असर डाला। वहीं, दिवाली के बाद बढ़े वायु प्रदूषण ने लोगों की सेहत को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानियों से जूझ रहे लोगों के लिए खराब हवा गंभीर परेशानी पैदा कर सकती है।