डेली संवाद, फिल्लौर। Punjab News: जालंधर जिले के फिल्लौर शहर में रविवार देर रात एक पुरानी जूते की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस स्टेशन के ठीक सामने स्थित मशहूर दुकान 'राजा बूट हाउस' (राजा शूज़) की बेसमेंट में आग लगी। देखते ही देखते पूरी इमारत घने धुएं से भर गई। घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया। बेसमेंट में आग होने और अंदर जहरीला धुआं भरने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
बेसमेंट में पहुंचना दमकल कर्मियों के लिए बना चुनौती
नगर कौंसिल फिल्लौर की फायर ब्रिगेड टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। हालांकि, दुकान की बेसमेंट में जाने का रास्ता संकरा होने और अंदर धुआं भरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
दमकल कर्मी सीढ़ियों और टॉर्च की मदद से बेसमेंट में प्रवेश करने का रास्ता तलाशते रहे। इस दौरान दुकान की पहली और दूसरी मंजिल से भी धुएं के घने गुबार बाहर निकलते दिखाई दिए।
ऑक्सीजन उपकरणों की कमी के बावजूद जारी रखा अभियान
आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को सुरक्षा उपकरणों की कमी का भी सामना करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, उनके पास पर्याप्त ऑक्सीजन मास्क और जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं थे।
इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी और आग बुझाने का अभियान जारी रखा। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार पानी की बौछार करती रहीं, ताकि आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोका जा सके।
आग पर पाया काबू, कारणों की जांच जारी
काफी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद दमकल विभाग के सुरक्षा उपकरणों और संकरी जगहों पर आग बुझाने की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।