Skip to content

Arvind Kejriwal: दिल्ली हार के बाद एक्शन में केजरीवाल, पंजाब के सभी AAP विधायकों को दिल्ली बुलाया

Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, नई दिल्ली/चंडीगढ़। Arvind Kejriwal: दिल्ली चुनाव (Delhi Election) में हार के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने पंजाब (Punjab) के सभी आप विधायकों को 11 फरवरी को दिल्ली बुलाया है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल विधायकों के साथ अहम मीटिंग करेंगे।

यह भी पढ़ें: जालंधर के 3 बड़े ट्रैवल एजैंट अंडरग्राउंड! इन्हीं ने डंकी रूट के जरिए लोगों को अमेरिका भेजा था 

दिल्ली में मीटिंग के कारण सोमवार को होने वाली पंजाब (Punjab) कैबिनेट की बैठक फिर स्थगित कर दी गई है। अब कैबिनेट बैठक 13 फरवरी को होगी। केजरीवाल की विधायकों से चर्चा के बाद कैबिनेट बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। पहले छह फरवरी को कैबिनेट बैठक रखी गई थी, लेकिन फिर इसे 10 फरवरी कर दिया गया था।

विधायकों के कामकाज पर सवाल

हालांकि, अभी केजरीवाल की ओर से बुलाई गई बैठक का एजेंडा स्पष्ट नहीं है। आप संयोजक की ओर से बुलाई गई बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पंजाब के विधायकों के कामकाज को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। आप के हाथों से दिल्ली की सत्ता निकल गई है। ऐसे में पार्टी का सारा दारोमदार पंजाब पर है।

राजनीतिक रूप से पंजाब में भी आम आदमी पार्टी को लगातार झटके लगते रहे हैं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार के बाद कांग्रेस ने पंजाब में राजनीतिक समीकरण बदलने का दावा किया है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के अब पंजाब का मुख्यमंत्री बनने की कोशिश करने की बातें कहीं जा रही है।

पंजाब में टूट सकती है AAP

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंजाब को मध्यावधि चुनाव के लिए तैयारी करने के लिए कमर कसने को कह रहे हैं। पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और वरिष्ठ कांग्रेसी प्रताप सिंह बाजवा ने कहा है कि दिल्ली में करारी हार के बाद अरविंद केजरीवाल अब पंजाब जाएंगे, जहां वह राज्य के मुख्यमंत्री बनने की कोशिश करेंगे।

आप के प्रदेशाध्यक्ष अमन अरोड़ा की ओर से कुछ दिन पहले दिए गए बयान का जिक्र करना जरूरी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि पंजाब का मुख्यमंत्री एक हिंदू भी हो सकता है और मुख्यमंत्री पद पर बैठने वाला व्यक्ति योग्य होना चाहिए और उसे हिंदू या सिख के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।

पंजाब में उपचुनाव लड़ सकते हैं केजरीवाल

दिल्ली में चुनाव नतीजों से ठीक पहले यह एक महत्वपूर्ण संकेत है कि आप नेतृत्व किस तरह से पंजाब में केजरीवाल के लिए सीएम की कुर्सी पर बैठने का रास्ता तैयार कर रहा है।

लुधियाना में मौजूदा आप विधायक के निधन के बाद विधानसभा की एक सीट पहले से ही खाली है और केजरीवाल के लिए उपचुनाव लड़ना सुविधाजनक होगा। वहीं, केजरीवाल ने दिल्ली में पंजाब के विधायकों की बैठक बुलाई है, जिसके बाद से अब कई और तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं।