डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ एयरपोर्ट रोड पर चलती BMW कार में आग लग गई। आग लगने के बाद कार से बम धमाके जैसी आवाजें आईं। हालांकि, कार ड्राइवर ने तेजी से गाड़ी छोड़कर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। इससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। कार में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीमें मामले की जांच में जुट गई हैं।
टीडीआई के पास हुई घटना
यह घटना न्यू चंडीगढ़ (Chandigarh) से एयरपोर्ट रोड की ओर जाने वाली सड़क टीडीआई के पास हुई। हादसा दोपहर करीब पौने 3 बजे का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार न्यू चडीगढ़ से एयरपोर्ट की तरफ जा रही थी। कार में एक ही व्यक्ति सवार था। राहगीरों ने बताया कि कार सामान्य रूप से चल रही थी। तभी अचानक उसमें से एक चिंगारी निकली। इसके तुरंत बाद घना धुआं फैल गया और देखते ही देखते पूरी कार आग की चपेट में आ गई।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
कार तेजी से जलने लगी और उसमें से जोरदार धमाकों की आवाजें आने लगीं। इस दौरान ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तेजी से कार से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के कारण कुछ समय के लिए वहां ट्रैफिक भी बाधित हुआ। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मोहाली के फेज-1 फायर ऑफिस से गाड़ी मौके पर पहुंची।

पुलिस बोली- नंबर प्लेट भी जल गईं
बलौंगी थाने के पीसीआर मुलाजिम ASI सुखविंदर सिंह ने बताया कि उनकी टीम जब तक मौके पर पहुंची, कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी। कार की अगली और पिछली नंबर प्लेट जल गई। कार मालिक आग लगने के बाद गाड़ी छोड़ मौके से फरार हो गया था।
ऐसे में अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि कार मोहाली की थी, चंडीगढ़ की थी या पंचकूला की थी। अब इंजन नंबर से ही गाड़ी के मालिक की पहचान की जाएगी। अगर गाड़ी मालिक आ जाता है तो सारी स्थिति साफ हो जाएगी।
मोहाली के पते पर गाड़ी रजिस्टर्ड
वहीं, फायर ऑफिस से मिली सूचना के मुताबिक कार चलाने वाला का अभी पता नहीं लगा है। हालांकि, कार मालिक का नाम सुरेंद्र सिंह है। यह कार माेहाली के पते पर रजिस्टर्ड है। आग लगने संबंधी जैसे ही सूचना आई थी। उसके बाद एक गाड़ी मौके से पहुंची थी। करीब 1 घंटे की मशक्कत से आगे पर काबू पाया गया। पता चला है कि कार के इंजन में आग लगी थी। इसके बाद इसमें धमाके होने लगे। कार पूरी तरह जल चुकी थी। इसमें से कुछ मिला नहीं है।









