Skip to content

Fire News: फैक्ट्री में आग का तांडव, रुई के दो बड़े गोदाम जलकर राख; आसपास की कंपनियां करवाई खाली

Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, चंडीगढ़। Fire News: पंजाब के मोहाली ( Mohali ) के लालड़ू स्थित नाहर स्पिनिंग मिल्स लिमिटेड में देर रात भीषण आग लगने से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कंपनी परिसर में बने रुई के दो बड़े गोदामों में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार आग रात करीब 2 बजे गोदाम नंबर-2 में लगी। देखते ही देखते आग ने रुई से भरे दोनों गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। रुई अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत हरकत में आया और आसपास की फैक्ट्रियों को एहतियातन खाली करवाया गया। [caption id="attachment_111763" align="aligncenter" width="1200"] Massive Fire at Nahar Mill in Mohali Massive Fire at Nahar Mill in Mohali[/caption]

क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल

अधिकारियों को आशंका थी कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो आसपास की अन्य कंपनियां भी इसकी चपेट में आ सकती हैं। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यहां रोजाना हजारों कर्मचारी काम करते हैं। आग लगने की खबर मिलते ही कई कर्मचारी और स्थानीय लोग रातभर फैक्ट्री परिसरों के बाहर खड़े होकर हालात पर नजर बनाए रहे।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

आग बुझाने के लिए डेराबस्सी, लालड़ू, राजपुरा, चंडीगढ़, अंबाला और पंचकूला से दमकल विभाग की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। हालात अधिक गंभीर होने पर सेना के दफ्तर से भी फायर टेंडर मंगवाने पड़े। करीब 35 से 40 दमकल वाहन रातभर आग बुझाने के अभियान में जुटे रहे। दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका।

40 दमकल वाहन आग बुझाने के अभियान में जुटे

फायर विभाग के कर्मचारी बलजीत सिंह ने बताया कि आग बुझाने के दौरान बिजली बंद होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पूरे इलाके में अंधेरा छा गया था, जिससे राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बन गया। इसके बावजूद दमकल टीमों ने लगातार प्रयास जारी रखे और आखिरकार आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।