Skip to content

Jalandhar News: जालंधर में दोस्त बना कातिल, पहले शराब पिलाकर काटा गला, फिर 10 फीट गहरे गड्ढे में दफनाया शव

Jalandhar DJ Gurpreet Singh murder case
Jalandhar DJ Gurpreet Singh murder case
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर कैंट (Jalandhar Cantt) में 22 वर्षीय गुरप्रीत सिंह की हत्या के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गुरप्रीत की हत्या उसके करीबी दोस्त रवि ने पुरानी रंजिश के चलते की। आरोपी ने पहले गुरप्रीत को धोखे से बुलाया, फिर उसके साथ शराब पी और नशे की हालत में दातर से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को कूड़े के डंपिंग ग्राउंड में करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। हालांकि इस पूरे मामले में मृतक के परिजनों ने पुलिस जांच पर गंभीर सवाल उठाए हैं और दावा किया है कि इस वारदात में केवल रवि ही नहीं, बल्कि अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।

घर से कपड़े लेने और दाढ़ी सेट की बात कहकर निकला

पुलिस के अनुसार गुरप्रीत सिंह जालंधर के कुकड़ पिंड का रहने वाला था और डीजे का काम करता था। वहीं आरोपी रवि जेसीबी ऑपरेटर है और पिछले करीब छह वर्षों से गुरप्रीत का करीबी दोस्त था। दोनों के बीच अक्सर आना-जाना था, जिसके कारण परिवार को कभी भी रवि पर शक नहीं हुआ। यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा 22 जून को गुरप्रीत अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह बाजार जाकर कपड़े खरीदेगा और दाढ़ी भी सेट करवाएगा। उसने परिवार को बताया था कि लौटने में थोड़ा समय लग सकता है। रास्ते में आरोपी रवि का फोन आया, जिसने उसे कचरे के डंपिंग ग्राउंड के पास मिलने के लिए बुलाया। पुलिस जांच के अनुसार रवि पहले से ही गुरप्रीत की हत्या की साजिश बना चुका था। [caption id="attachment_22201" align="aligncenter" width="1200"] Jalandhar DJ Gurpreet Singh murder case Jalandhar DJ Gurpreet Singh murder case[/caption]

शराब पिलाकर मदहोश किया

डंपिंग ग्राउंड के पास दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। जब गुरप्रीत नशे की हालत में हो गया, तब पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। इसी दौरान रवि ने दातर से गुरप्रीत के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने के लिए करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा और उसमें शव दफना दिया। इसके बाद वह लुधियाना स्थित अपने घर चला गया।

कार का शीशा तोड़ना बनी हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले दोनों दोस्तों के बीच कार का शीशा तोड़ने को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि गुरप्रीत ने रवि की कार का शीशा तोड़ दिया था, जिसके बाद दोनों में कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। बाद में दोनों सामान्य रूप से मिलने-जुलने लगे, लेकिन रवि ने इस बात की रंजिश अपने मन में रखी और मौका मिलते ही हत्या की साजिश रच डाली।

अगले दिन दर्ज हुई गुमशुदगी की शिकायत

जब गुरप्रीत देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग चिंतित हो गए। 23 जून को उसके पिता और रिश्तेदारों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाना कैंट में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के पहले ही दिन पुलिस को गुरप्रीत की मोटरसाइकिल कुकड़ पिंड के पास बेईं क्षेत्र से बरामद हो गई। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और टावर लोकेशन की जांच शुरू की।

कॉल डिटेल से आरोपी तक पहुंची पुलिस

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गुरप्रीत की आखिरी बातचीत उसके सबसे करीबी दोस्त रवि से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने रवि से पूछताछ शुरू की। उस समय रवि जालंधर कैंट के कूड़े के डंपिंग ग्राउंड में जेसीबी मशीन चला रहा था। शुरुआती पूछताछ में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और खुद को बेगुनाह बताया, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और हत्या की बात स्वीकार कर ली। रवि की निशानदेही पर पुलिस ने कूड़े के डंप में करीब 10 फीट गहरे गड्ढे से गुरप्रीत का शव बरामद किया। 26 जून को शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

परिवार ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल

मृतक गुरप्रीत के परिजनों का कहना है कि इस हत्या में केवल रवि का हाथ नहीं हो सकता। उनका आरोप है कि 10 फीट गहरा और करीब 10×8 फीट का गड्ढा अकेले खोदना संभव नहीं है। परिवार का कहना है कि आरोपी जेसीबी ऑपरेटर था और उसने गड्ढा खोदने के लिए मशीन का इस्तेमाल किया होगा। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस जेसीबी और उसके मालिक की भूमिका की गंभीरता से जांच नहीं कर रही है तथा इस पहलू को नजरअंदाज किया जा रहा है। परिवार ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस बोली- जांच अभी शुरुआती चरण में

थाना कैंट पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच शुरुआती चरण में है। आरोपी रवि को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि उससे गहन पूछताछ की जा सके। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसे भी एफआईआर में शामिल किया जाएगा और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रवि मुख्य आरोपी है, लेकिन जांच अभी जारी है। वहीं गुरप्रीत के परिवार को उम्मीद है कि पुलिस मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच कर हत्या में शामिल सभी लोगों को कानून के दायरे में लाएगी।