Skip to content

Punjab News: राज्यव्यापी अभियान के दौरान 39,872 चालान, 412 वाहन जब्त तथा 2,600 से अधिक अनधिकृत उपकरण हटाए गए

Punjab News:  राज्यव्यापी अभियान के दौरान 39,872 चालान, 412 वाहन जब्त तथा 2,600 से अधिक अनधिकृत उपकरण हटाए गए
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने वाहनों पर अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर तथा ब्लैक फिल्म के अनधिकृत उपयोग के खिलाफ 15 दिनों का विशेष राज्यव्यापी अभियान चलाया। इस दौरान पूरे राज्य में 1.80 लाख से अधिक वाहनों की जांच की गई। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन निजी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करना था, जिनमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने, पहचान छिपाने तथा अवैध प्रभाव जमाने के लिए सिग्नल युक्त उपकरणों या काले शीशों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

412 वाहनों को जब्त किया

विशेष पुलिस महानिदेशक (स्पेशल डीजीपी), कानून एवं व्यवस्था, प्रवीण सिन्हा ने अभियान का विवरण साझा करते हुए स्पष्ट किया कि हूटर, सायरन और फ्लैशर केवल आपातकालीन वाहनों एवं आवश्यक सेवाओं के लिए अधिकृत हैं, जबकि ब्लैक फिल्म सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करती है। उन्होंने कहा कि किसी भी निजी व्यक्ति को इन अनधिकृत उपकरणों के उपयोग की अनुमति नहीं दी जा सकती।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

उन्होंने बताया कि 15 दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कुल 1,79,980 वाहनों की जांच की। इस दौरान 202 हूटर, 49 सायरन और 2,430 फ्लैशर अनधिकृत वाहनों से हटाए गए। उन्होंने आगे बताया कि काले शीशों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई, जिसके तहत 2,445 वाहनों से मौके पर ही अवैध ब्लैक फिल्म हटाई गई। अभियान के दौरान कुल 39,872 चालान किए गए तथा 412 वाहनों को जब्त किया गया।

'गैंगस्टरों ते वार' अभियान 157वें दिन भी जारी

विशेष डीजीपी प्रवीण सिन्हा ने नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि यह अभियान नियमित जांच के साथ पूरे राज्य में लगातार जारी रहेगा और फ्लैशर, सायरन, हूटर या ब्लैक फिल्म का अनधिकृत उपयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, 'गैंगस्टरों ते वार' अभियान 157वें दिन भी जारी रहा। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सात हथियारों सहित 333 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे अभियान शुरू होने के बाद अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 40,684 हो गई है। इसके अतिरिक्त 157 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि तीन व्यक्तियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने दो भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।