Skip to content

Gold Loot News: दिनदहाड़े सर्राफा व्यापारी से सोने की लूट, विरोध करने पर कारोबारी को मारा चाकू, जांच में जुटी पुलिस

जानकारी के अनुसार, जयपाल सिंह सबसे पहले महलावाली क्षेत्र में सप्लाई देने के लिए खुंडेवाला-महलावाली मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया।

 Gold Loot News: दिनदहाड़े सर्राफा व्यापारी से सोने की लूट, विरोध करने पर कारोबारी को मारा चाकू, जांच में जुटी पुलिस
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, यमुनानगर। Gold Loot News: हरियाणा के यमुनानगर में शुक्रवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को निशाना बनाते हुए सोना लूट लिया। घटना उस समय हुई जब अमृतसर निवासी कारोबारी जयपाल सिंह अपने बेटे इंद्रवीर के साथ यमुनानगर और जगाधरी के ज्वेलर्स को सोने का रॉ-मैटेरियल पहुंचाने जा रहे थे।

दो बदमाशों ने रोकी कार

जानकारी के अनुसार, जयपाल सिंह सबसे पहले महलावाली क्षेत्र में सप्लाई देने के लिए खुंडेवाला-महलावाली मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और उनके पास पिस्टल व चाकू था।

बदमाशों ने पहले व्यापारी के बेटे इंद्रवीर के सिर पर पिस्टल तान दी और कार में रखा बैग छीनने लगे। जब जयपाल सिंह ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके पेट के पास गंभीर चोट लगी। पिता को घायल होता देख बेटे ने जान बचाने के लिए बैग बदमाशों को सौंप दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

आधा किलो सोना लूटा

व्यापारी का दावा है कि बैग में करीब 2 किलो सोने का रॉ-मैटेरियल था, जिसकी कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में करीब आधा किलो सोना लूटे जाने की बात सामने आई है। वास्तविक मात्रा और कीमत की पुष्टि जांच के बाद की जाएगी।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, थाना छप्पर पुलिस और सीआईए टीम मौके पर पहुंची। घायल जयपाल सिंह को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

बदमाशों को पहले से थी जानकारी

थाना छप्पर प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि बदमाशों को व्यापारी के रूट की पहले से जानकारी थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।