डेली संवाद, होशियारपुर।
Accident News: पंजाब के होशियारपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। गढ़शंकर-नंगल मुख्य मार्ग पर रेत-बजरी से लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क किनारे साइकिल से जा रहे बुजुर्ग को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर और ट्रॉली के एक तरफ के तीनों पहिए बुजुर्ग के ऊपर से गुजर गए। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
मृतक की पहचान गढ़शंकर के संतोख नगर निवासी कश्मीरी लाल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना गढ़शंकर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया। पुलिस फरार चालक की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कश्मीरी लाल सोमवार सुबह अपनी साइकिल पर नंगल रोड से शहर की ओर जा रहे थे।
उसी दौरान पीछे से आ रही रेत-बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए उनके ऊपर से गुजर गए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग सहायता के लिए दौड़े, लेकिन इससे पहले ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने जब ट्रैक्टर-ट्रॉली की जांच की तो उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं मिली, जिसके कारण वाहन मालिक की पहचान करने में भी दिक्कत आ रही है।
[caption id="attachment_16612" align="aligncenter" width="1200"]
Accident News[/caption]
सामने आए करीब 14 सेकंड के सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बुजुर्ग सड़क के बिल्कुल किनारे साइकिल चला रहे थे, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके पीछे सड़क के बीच से आ रही थी। कुछ ही क्षण बाद ट्रैक्टर अचानक अपनी दिशा बदलकर सड़क के किनारे आ जाता है और सीधे साइकिल को पीछे से टक्कर मार देता है। टक्कर लगते ही साइकिल ट्रैक्टर के नीचे फंस जाती है और चालक समय रहते ब्रेक नहीं लगा पाता। इसके बाद ट्रैक्टर और ट्रॉली के तीनों पहिए बुजुर्ग के ऊपर से गुजर जाते हैं। हादसे के बाद साइकिल ट्रॉली के पिछले पहियों में फंसी हुई भी दिखाई देती है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि गढ़शंकर-नंगल मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई बार प्रशासन और पुलिस से शिकायत करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी, वाहन मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।