डेली संवाद, इटावा।
Encounter News: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ होने की खबर सामने आ रही है। खबर है कि पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त फायरिंग हुई है जिसमें दो पुलिसवाले घायल हो गए है।
मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार सुबह शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों की गोलीबारी में इटावा एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) के दो सिपाही घायल हो गए। दोनों घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को मिली थी सूचना
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में दो संदिग्ध बदमाश सफर कर रहे हैं। सूचना मिलते ही इटावा एसओजी की टीम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की घेराबंदी कर दी।
जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, दोनों आरोपी उतरकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान एसओजी के दो जवानों को गोली लग गई। एक जवान के पेट और दूसरे के कंधे में गोली लगी है।
दोनों बदमाश मौके से फरार
फायरिंग के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार होकर पास के नगला कन्हई गांव की ओर भाग गए। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। बदमाशों की लगातार तलाश की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई थी और आरोपियों को पकड़ने के लिए इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है।