डेली संवाद, गुरदासपुर।
Fraud Travel Agent: पंजाब में विदेश भेजने के नाम पर लगातार फ्रॉड (Fraud) करने के मामले बढ़ते जा रहे है। आए दिन फर्जी ट्रैवल एजेंटों द्वारा भोले-भाले लोगों को विदेश भेजने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपए की ठगी कर ली जाती है। ऐसी है एक खबर सामने आ रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक विदेश भेजने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में गुरदासपुर पुलिस ने दो अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। पुलिस ने शिकायतों की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
इटली भेजने के नाम पर ठगी
पहले मामले में थाना दोरांगला पुलिस ने गांव शाहपुर अफगाना निवासी बिक्रमजीत सिंह की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुलविंदर सिंह निवासी कलानौर और गांव भैणी खादर निवासी करतार सिंह व अवतार सिंह ने उसे इटली (Italy) भेजने का भरोसा देकर 5.80 लाख रुपये ठग लिए।
वहीं, दूसरा मामला थाना बहरामपुर क्षेत्र का है। यहां पुलिस ने जांच के बाद हरमनजीत सिंह निवासी खालड़ा (तरनतारन) और कोटे राजू निवासी हैदराबाद के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों ने करण थापा को यूके (UK) भेजने के नाम पर 14.52 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
गुरदासपुर पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।