Skip to content

Jalandhar News: जालंधर में आंधी बनी आफत; उखड़ा विशाल पेड़, लोगों ने भागकर बचाई जान

Jalandhar Court Road Tree Fall Accident
Jalandhar Court Road Tree Fall Accident
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर में तेज आंधी के दौरान कोर्ट रोड पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक विशालकाय सफेदे (यूकेलिप्टस) का पेड़ अचानक उखड़कर सड़क किनारे खड़ी दो कारों पर गिर गया। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे वाहन मालिकों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि पेड़ गिरने के समय कारों के अंदर कोई मौजूद नहीं था और आसपास खड़े लोगों ने समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचा ली। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और वाहन मालिकों में नगर निगम तथा प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय कोर्ट रोड पर लोगों की आवाजाही सामान्य थी।

विशाल पेड़ जड़ समेत उखड़कर नीचे आ गिरा

अचानक तेज हवा का झोंका आया और कुछ ही क्षणों में विशाल पेड़ जड़ समेत उखड़कर नीचे आ गिरा। पेड़ गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। लोगों का कहना है कि यदि कुछ सेकंड की भी देरी हो जाती तो यह हादसा कई लोगों की जान ले सकता था। पेड़ के नीचे दबने से दोनों कारों को गंभीर नुकसान पहुंचा और उनके कई हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

पीड़ित वाहन मालिक धीरज ने बताया कि यह पेड़ लंबे समय से एक ओर झुका हुआ था। उन्होंने अपनी कार उसी स्थान पर पार्क की थी और हादसे के समय वह कुछ दूरी पर खड़े थे। अचानक तेज आंधी चली और देखते ही देखते पेड़ उनकी कार पर गिर पड़ा। धीरज ने कहा कि वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उस समय कार के अंदर नहीं थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। [caption id="attachment_22437" align="aligncenter" width="1200"] Jalandhar Court Road Tree Fall Accident Jalandhar Court Road Tree Fall Accident[/caption]

लोगों ने प्रशासन से मांग की

उन्होंने आरोप लगाया कि पेड़ की खतरनाक स्थिति के बारे में पहले भी लोगों ने चिंता जताई थी, लेकिन प्रशासन ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। इस घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों का कहना है कि शहर के कई प्रमुख मार्गों और रिहायशी इलाकों में ऐसे अनेक पुराने, सूखे और झुके हुए पेड़ मौजूद हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक पेड़ों का तत्काल सर्वे कराया जाए और उन्हें हटाने या सुरक्षित करने की कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।