Skip to content

Punjab News: कनाडा भेजने के लिए खर्च किए 30 लाख, पति को मिली बेवफाई: पत्नी और माता-पिता पर धोखाधड़ी का केस

कनाडा पहुंचते ही पत्नी के बदले तेवर
कनाडा पहुंचते ही पत्नी के बदले तेवर
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के जिला लुधियाना से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें कनाडा भेजने और बाद में पति को PR दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस मामले में महिला और उसके माता-पिता के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, लुधियाना के पखोवाल निवासी कुलदीप सिंह के बेटे परमिंदर सिंह की शादी करीब साढ़े चार साल पहले जशनवीर कौर से सिख रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी।

दोनों परिवारों के बीच हुआ था समझौता

शादी से पहले दोनों परिवारों के बीच एक लिखित समझौता हुआ था, जिसमें तय किया गया था कि लड़की को कनाडा (Canada) भेजने का खर्च लड़के का परिवार उठाएगा और कनाडा पहुंचने के बाद वह अपने पति को वहां बुलाकर उसकी PR प्रक्रिया शुरू करवाएगी।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

परिवार का आरोप है कि जशनवीर कौर को कनाडा भेजने, टिकट, पढ़ाई और अन्य खर्चों पर करीब 30 लाख रुपये खर्च किए गए। इसमें से 20 लाख रुपये जशनवीर के पिता जरनैल सिंह के खाते में बैंक के जरिए ट्रांसफर किए गए थे।

कनाडा पहुंचने के बाद बदला रवैया

शिकायत के मुताबिक, कई बार आवेदन रिजेक्ट होने के बाद वर्ष 2025 में परमिंदर सिंह कनाडा पहुंचा। लेकिन आरोप है कि एयरपोर्ट पर उसे लेने के लिए उसकी पत्नी नहीं पहुंची। काफी इंतजार के बाद उसने कनाडा में रहने वाली रिश्तेदार से संपर्क किया और उसके साथ रहने लगा। परिवार का आरोप है कि कनाडा पहुंचने के बाद जशनवीर कौर ने न तो पति से संपर्क किया और न ही उसकी PR के लिए कोई मदद की। जब परमिंदर ने इस बारे में बात की तो कथित तौर पर पत्नी ने तलाक का केस दायर कर दिया।

पंचायत में 17 लाख लौटाने पर हुआ था समझौता

परमिंदर के पिता कुलदीप सिंह ने पैसे वापस मांगे, जिसके बाद पंचायत में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। इसमें जशनवीर कौर के माता-पिता द्वारा 17 लाख रुपये लौटाने की बात कही गई थी। आरोप है कि बाद में उन्होंने यह रकम वापस नहीं की। पुलिस जांच में दोनों परिवारों के बीच हुआ लिखित समझौता और बैंक ट्रांजेक्शन की पुष्टि होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने जशनवीर कौर, उसके पिता जरनैल सिंह और मां मनजीत कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपी पक्ष से संबंधित दस्तावेज मांगे गए थे, लेकिन वे ऐसे कोई सबूत पेश नहीं कर पाए जिससे आरोपों को गलत साबित किया जा सके। वहीं, कनाडा से दिए गए अपने बयान में परमिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि उसे वहां पहुंचने के बाद अकेला छोड़ दिया गया और पत्नी ने उसे PR दिलाने में कोई सहयोग नहीं किया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।