Skip to content

Punjab News: बेअदबी और बहबल कलां गोलीकांड की जांच तेज, सुखबीर बादल को SIT का समन, सोमवार को होगी पूछताछ

Sukhbir Singh Badal
Sukhbir Singh Badal
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब के बहुचर्चित बहबल कलां गोलीकांड और बेअदबी मामले में जांच तेज हो गई है। पंजाब सरकार की विशेष जांच टीम (SIT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। SIT के अनुसार, सुखबीर बादल से आगामी सोमवार सुबह 11 बजे मामले से जुड़े सवालों के जवाब लिए जाएंगे। इससे पहले जांच टीम भाजपा नेता विजय सांपला समेत कई अन्य नेताओं और अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है। SIT अब मामले से जुड़े सभी प्रमुख लोगों के बयान दर्ज कर घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

घटनास्थलों का किया गया निरीक्षण

बेअदबी मामले की जांच के तहत नई SIT ने जुलाई 2026 की शुरुआत में DIG हरजीत सिंह के नेतृत्व में फरीदकोट के बुर्ज जवाहर सिंह वाला, बरगाड़ी और बहबल कलां घटनास्थलों का दौरा किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम को दोबारा समझने की कोशिश की और उपलब्ध सबूतों का मिलान किया। इसके अलावा बाजाखाना थाने का भी निरीक्षण किया गया, जहां मामले से संबंधित केस डायरी और दस्तावेज मौजूद हैं।

यह भी पढ़ें: कनाडा सरकार ने एक्सप्रेस एंट्री में किया गया बदलाव, पंजाबियों पर पड़ेगा असर

SIT ने जून और जुलाई 2026 के दौरान कई महत्वपूर्ण लोगों से पूछताछ की। इनमें भाजपा नेता विजय सांपला, पूर्व OSD गगनदीप सिंह बराड़, तत्कालीन उपायुक्त मालविंदर सिंह जग्गी और शिरोमणि अकाली दल नेता मंतार सिंह बराड़ शामिल हैं। इसके अलावा श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह का बयान भी SIT द्वारा दर्ज किया गया। यह बयान सुखबीर सिंह बादल की ओर से दिसंबर 2024 में अकाल तख्त के सामने मांगी गई बिना शर्त माफी के मामले से जुड़ा बताया जा रहा है।

2015 के मामलों की जांच पर फोकस

SIT की जांच साल 2015 में थाना बाजाखाना में दर्ज दो अलग-अलग मामलों पर केंद्रित है। ये मामले 14 अक्टूबर 2015 और 21 अक्टूबर 2015 को दर्ज किए गए थे। बेअदबी की घटनाओं और इसके बाद बहबल कलां में हुई गोलीबारी ने पंजाब की राजनीति में बड़ा प्रभाव डाला था।