डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar Gymkhana Election: जालंधर जिमखाना क्लब चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन ने अहम कदम उठाते हुए आठ सदस्यीय एडहॉक कमेटी का गठन कर दिया है। क्लब की वार्षिक आम बैठक (AGM) में पुरानी प्रबंधन कमेटी को भंग किए जाने के बाद यह कमेटी चुनाव संपन्न होने तक क्लब का संचालन करेगी।
जालंधर डेवलपमेंट अथॉरिटी (जेडीए) के सहायक मुख्य प्रबंधक तेजदीप सिंह सैनी को कमेटी का सचिव नियुक्त किया गया है। उनके साथ एसडीएम शाहकोट आदित्य गुप्ता, अमरजीत सिंह राणा, कनव नंदा, प्रवीण गुप्ता, समीर गोल्डी मरवाहा, सुभाष शर्मा और जसप्रीत सिंह को सदस्य बनाया गया है। इस एडहॉक कमेटी के गठन की घोषणा क्लब के प्रधान एवं डिविजनल कमिश्नर राम सिंह ने की।
शुभि आंगरा चुनाव अधिकारी नियुक्त
उधर, क्लब चुनाव की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए एसडीएम शुभि आंगरा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में चुनाव कराए जाएंगे और जल्द ही मतदान कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है।
चुनावी मैदान में भी हलचल बढ़ गई है। अचीवर्स ग्रुप ने सचिव पद के लिए अमित कुकरेजा, जूनियर उपाध्यक्ष पद के लिए धीरज सेठ, कोषाध्यक्ष पद के लिए सौरभ खुल्लर और संयुक्त सचिव पद के लिए हरप्रीत सिंह गोल्डी को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। वहीं, प्रोग्रेसिव ग्रुप ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं किया है। क्लब सदस्यों की नजर अब चुनावी तारीखों और अन्य उम्मीदवारों की घोषणा पर टिकी हुई है।
एडवोकेट तरनजोत सिंह सिडाना ने स्वागत किया
जालंधर जिमखाना क्लब की एड-हॉक कमेटी द्वारा 23 अगस्त से चुनाव कराने के फैसले का प्रमुख कानूनी विशेषज्ञ एवं क्लब के वरिष्ठ सदस्य एडवोकेट तरनजोत सिंह सिडाना ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने वाला कदम बताते हुए कहा कि निष्पक्ष चुनाव ही सदस्यों की वास्तविक इच्छा का सम्मान करते हैं।
एडवोकेट सिडाना ने कहा कि क्लब में लोकतांत्रिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित और पारदर्शी चुनाव बेहद जरूरी हैं। उनका कहना है कि चुनाव के माध्यम से ही सदस्य अपनी पसंद के प्रतिनिधियों का चयन कर सकते हैं, जो क्लब के विकास और सदस्यों के हितों के लिए प्रभावी ढंग से काम करें।

चुनाव लोकतंत्र की आत्मा हैं
उन्होंने कहा, "चुनाव लोकतंत्र की आत्मा हैं। 23 अगस्त को मतदान कराने का फैसला सभी उम्मीदवारों को समान अवसर देता है। इससे प्रत्येक इच्छुक उम्मीदवार को निष्पक्ष तरीके से अपनी सोच और योजनाएं सदस्यों के सामने रखने का मौका मिलेगा।"
एडवोकेट तरनजोत सिंह सिडाना ने कार्यकारी सदस्य (Executive Member) पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की औपचारिक घोषणा भी कर दी है। वह पिछले काफी समय से क्लब के सदस्यों के बीच सक्रिय रूप से संपर्क अभियान चला रहे हैं। उनके इस अभियान को क्लब के विभिन्न वर्गों से सकारात्मक समर्थन मिल रहा है।
समाधान को प्राथमिकता देंगे
सिडाना ने भरोसा दिलाया कि यदि सदस्यों ने उन्हें सेवा का अवसर दिया तो वह क्लब में पारदर्शी प्रशासन, बेहतर सुविधाएं, आधुनिक प्रबंधन और सदस्यों की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य जालंधर जिमखाना क्लब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना और इसे अधिक सदस्य-केंद्रित एवं बेहतर संस्था बनाना है।