Skip to content

Jalandhar News: जालंधर में स्पीड रिकार्ड और पप्पी स्वीट मालिक के बेटे की हादसे में दर्दनाक मौत, पार्षद का बेटा बाल-बाल बचा, नगर निगम की ट्राली से कार का भीषण एक्सीडेंट

जालंधर में पुलिस लाइन फ्लाईओवर पर दर्दनाक सड़क हादसे में विदित ओलक और आरव तलवाड़ की मौत। बर्थडे पार्टी से लौटते समय कार नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई।

Jalandhar News: जालंधर में स्पीड रिकार्ड और पप्पी स्वीट मालिक के बेटे की हादसे में दर्दनाक मौत, पार्षद का बेटा बाल-बाल बचा, नगर निगम की ट्राली से कार का भीषण एक्सीडेंट
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश का बेटा और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कार में बेठे पार्षद के बेटे समेत तीन लोग बाल-बाल बच गए।

जालंधर में यह हादसा पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी वॉक्सवैगन कार फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई।

हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना बारादरी की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

शहर के कारोबारियों के बेटे थे दोनों

मृतकों की पहचान 18 वर्षीय विदित ओलक और 19 वर्षीय आरव तलवाड़ के रूप में हुई है। विदित मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश का बेटा था, जबकि आरव पप्पी स्वीट्स के मालिक का बेटा था। दोनों जालंधर की सेठ हुकुमचंद कॉलोनी के रहने वाले थे।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

जानकारी के मुताबिक, विदित सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। दोनों युवकों की अचानक हुई मौत से परिवारों और इलाके में शोक की लहर है।

APJ कॉलेज के पास से शुरू की थी रेस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्त अपने तीन अन्य साथियों के साथ वॉक्सवैगन कार में सवार थे। उन्होंने बीएमसी चौक के पास स्थित एपीजे कॉलेज के नजदीक से थार के साथ रेस शुरू की थी। इसके बाद कार बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की तरफ बढ़ी।

इसी दौरान पुलिस लाइन के पास फ्लाईओवर पर सफाई के लिए खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की जोरदार टक्कर हो गई।

फ्लाईओवर पर खड़ी थी ट्रैक्टर-ट्रॉली

थाना बारादरी के एसएचओ साहिल चौधरी के मुताबिक, पुलिस को सुबह करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे। कूड़ा-कचरा इकट्ठा करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां खड़ी की गई थी।

कार में AAP पार्षद का बेटा भी था सवार

पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय कार में कुल पांच युवक सवार थे। इनमें आम आदमी पार्टी (AAP) के एक पार्षद का बेटा भी शामिल था, जो हादसे में सुरक्षित बच गया। कार में सवार बाकी तीन युवकों के बारे में भी जानकारी सामने आई है कि वे सुरक्षित अपने घर पहुंच गए थे।

परिजनों ने कार्रवाई से किया इनकार

एसएचओ के अनुसार, दोनों मृतकों के परिवारों ने पुलिस को आगे की कानूनी कार्रवाई करवाने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में शामिल वॉक्सवैगन कार सेठ हुकुमचंद कॉलोनी निवासी सन्नी काउंसी के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है।