डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर में पुलिस ने मकसूदां रोड स्थित HMV कॉलेज के पास ग्लासी जंक्शन (The Glassi Junction) होटल में छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल में हुक्का बार चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर जालंधर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रेड के दौरान रेस्टोरेंट का स्टाफ वहां से भाग गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर जांच के दौरान हुक्का बार तो नहीं मिला, लेकिन होटल में शराब परोसी जा रही थी। इस संबंध में पुलिस ने एक्साइज विभाग को जानकारी दे दी है। अब एक्साइज विभाग की टीम जांच करेगी कि होटल के पास शराब परोसने का वैध लाइसेंस है या नहीं।
होटल के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
मौके पर पहुंचे जालंधर सेंट्रल के ACP राजेश ने कहा कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। शराब परोसने को लेकर एक्साइज विभाग के अधिकारियों को लिखा जाएगा। अगर जांच में होटल के पास जरूरी लाइसेंस नहीं पाया गया तो होटल मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
पुलिस ने स्पष्ट किया कि छापेमारी के दौरान किसी भी व्यक्ति को राउंडअप या हिरासत में नहीं लिया गया। हुक्का बार से संबंधित कोई ठोस सबूत भी सामने नहीं आया है।
मैनेजर ने रेड से पब का संबंध होने से किया इनकार
दूसरी तरफ, होटल के पब मैनेजर ने पुलिस की रेड को लेकर कहा कि छापेमारी ऊपर हुई है और इसका पब से कोई लेना-देना नहीं है। हालांकि, रेड के दौरान पब के कर्मचारी शोकेस में सजाकर रखी शराब की बोतलों को संभालते हुए नजर आए।
अब एक्साइज विभाग की जांच पर टिकी नजरें
फिलहाल पुलिस की जांच में हुक्का बार चलने की पुष्टि नहीं हुई है। अब एक्साइज विभाग यह पता लगाएगा कि होटल में शराब परोसने के लिए जरूरी अनुमति और लाइसेंस मौजूद था या नहीं। लाइसेंस संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित होटल प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।