Skip to content

Jalandhar News: भाजपा पार्षद मनजीत सिंह टीटू ने नगर निगम को घेरा, बोले- पेमेंट न मिलने से विकास कार्य ठप, अवैध कालोनियां और अवैध निर्माण की आई बाढ़

जालंधर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष मनजीत सिंह टीटू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शहर के रुके विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था और कथित अवैध निर्माणों को लेकर मेयर व प्रशासन पर सवाल उठाए।

Jalandhar News: भाजपा पार्षद मनजीत सिंह टीटू ने नगर निगम को घेरा, बोले- पेमेंट न मिलने से विकास कार्य ठप, अवैध कालोनियां और अवैध निर्माण की आई बाढ़
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर नगर निगम हाउस में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा पार्षद मनजीत सिंह टीटू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नगर निगम की कार्यप्रणाली और शहर में रुके पड़े विकास कार्यों को लेकर निगम प्रशासन पर सवाल उठाए। टीटू ने आरोप लगाया कि ठेकेदारों को भुगतान नहीं मिलने के कारण शहर में कई विकास कार्य बंद पड़े हैं।

मंजीत टीटू ने कहा कि शहर में कई जगह सीवरेज के काम अधूरे हैं, गलियां उखड़ी हुई हैं और नालियों के निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान यदि तेज बारिश होती है तो शहर के हालात और खराब हो सकते हैं।

उन्होंने अपने वार्ड नंबर 50 का उदाहरण देते हुए कहा कि वह स्वयं पार्षद और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष हैं, लेकिन उनके वार्ड में भी सीवरेज की स्थिति खराब है। गलियों और नालियों के काम नहीं हो पा रहे हैं। ठेकेदारों से पूछने पर भुगतान न होने की बात सामने आती है।

607 करोड़ के ठेके पर सवाल

मनजीत सिंह टीटू ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी निगम प्रशासन को घेरा। उन्होंने कहा कि जालंधर में कचरा सफाई के लिए करीब 607 करोड़ रुपये के ठेके को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना था कि यदि इतनी बड़ी राशि का उपयोग सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और व्यवस्था को मजबूत करने में किया जाए तो शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर हो सकती है।

उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2007 में उनके वार्ड के लिए करीब 40 कर्मचारी उपलब्ध थे, जबकि अब यह संख्या घटकर लगभग 12 रह गई है। टीटू ने कहा कि इतने कम कर्मचारियों के साथ कई मोहल्लों की सफाई करना मुश्किल है।

क्लीन पंजाब अभियान पर भी साधा निशाना

AAP सरकार के क्लीन पंजाब अभियान पर टिप्पणी करते हुए टीटू ने आरोप लगाया कि अभियान के दौरान नेताओं ने केवल फोटो सेशन किया। उन्होंने नगर निगम हाउस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए विपक्षी पार्षदों को पर्याप्त बोलने का अवसर न मिलने का आरोप लगाया।

अवैध निर्माणों पर कार्रवाई न होने का आरोप

टीटू ने शहर में कथित अवैध और व्यावसायिक निर्माणों पर कार्रवाई न होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद कई निर्माण कार्य जारी रहते हैं, जबकि आम लोगों को छोटे निर्माण कार्यों के लिए विभिन्न प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है।

राजनीतिक सवालों पर टीटू ने कहा कि भाजपा के बारे में पार्टी स्तर पर जो भी फैसला होगा, वह उसके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि जालंधर वेस्ट विधानसभा क्षेत्र से जिस उम्मीदवार को टिकट मिलेगी, उसका समर्थन किया जाएगा।