डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब सरकार की पहल पर आयोजित की जा रही भव्य नाटकीय एवं संगीतमय प्रस्तुति ‘हमारे राम’ को जालंधर में दर्शकों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, शाहपुर कैंपस में आयोजित इस प्रस्तुति को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
पंजाब के मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा ने ‘हमारे राम’ नाटक की प्रस्तुति के दूसरे दिन दर्शकों के बीच बैठकर शो का आनंद लिया। इस अवसर पर डिवीजनल कमिश्नर रामवीर, अमित कुमार आईएएस, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, डीआईजी जालंधर रेंज नवीन सिंगला, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह और पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन मंगल सिंह बस्सी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
‘रामायण ज्ञान और जीवन-यात्रा का सदाबहार स्रोत’
समागम को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा ने पंजाब सरकार द्वारा प्रदेशभर में ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि रामायण केवल एक महाकाव्य नहीं, बल्कि ज्ञान और जीवन-यात्रा का सदाबहार स्रोत है, जो व्यक्ति को सत्य, धर्म, दया, त्याग, कर्तव्य और नैतिक मूल्यों पर आधारित जीवन जीने की प्रेरणा देती है।
कलाकारों की प्रस्तुति को सराहना
मुख्य सचिव ने कहा कि जालंधर में ‘हमारे राम’ का मंचन दर्शकों के लिए यादगार अनुभव है। प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा, राहुल आर. भुच्चर, तरुण खन्ना और अन्य कलाकारों ने भगवान श्री राम के जीवन, चरित्र, आदर्शों और दर्शन को प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया।
उन्होंने विशेष रूप से युवा पीढ़ी से रामायण के संदेश को समझने और उसमें बताए गए उच्च जीवन मूल्यों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम के आदर्श व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों में भी सिद्धांतों पर दृढ़ रहने, रिश्तों का सम्मान करने और धर्म व सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) अमरजीत बैंस, एसडीएम शुभी आंगरा, एसडीएम शायरी मलहोत्रा, अतिन अग्निहोत्री, सी.टी. ग्रुप के वाइस चेयरमैन हरप्रीत सिंह और मैनेजिंग डायरेक्टर मनबीर सिंह सहित अन्य हस्तियां भी मौजूद थीं।