डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना नगर निगम (Ludhiana Municipal Corporation) की फाइनांस एंड कांट्रेक्ट कमेटी (F&CC) के दो सदस्यों के चुनाव में आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू के बेटे युवराज सिद्धू और कांग्रेस पार्षद गौरव भट्टी ने जीत दर्ज की है। वहीं AAP विधायक मदनलाल बग्गा के बेटे अमन बग्गा को हार का सामना करना पड़ा।
गुरुनानक देव भवन (Guru Nanak Dev Bhawan) में हुई वोटिंग में युवराज सिद्धू को सबसे ज्यादा वोट मिले। दूसरे स्थान पर कांग्रेस पार्षद गौरव भट्टी रहे, जबकि अमन बग्गा तीसरे नंबर पर रहे। भाजपा उम्मीदवार रुचि गुलाटी चौथे स्थान पर रहीं।
युवराज को 37 और गौरव भट्टी को मिले 29 वोट
F&CC के दो सदस्यों के चुनाव के लिए कुल 94 पार्षदों और 6 विधायकों ने मतदान किया। मतदान के दौरान बैलेट पेपर पर गलत निशान लगाए जाने के कारण 7 वोट रद्द हो गए।
नतीजों के अनुसार युवराज सिद्धू को 37 वोट मिले, जबकि गौरव भट्टी को 29 वोट हासिल हुए। AAP के दूसरे उम्मीदवार अमन बग्गा को 27 वोट मिले। भाजपा की रुचि गुलाटी को 15 वोट प्राप्त हुए।
काउंटिंग के दौरान रुकी प्रक्रिया
गौरव भट्टी ने दावा किया कि युवराज सिद्धू की जीत के बाद उनकी जीत लगभग तय हो चुकी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान AAP उम्मीदवार अमन बग्गा वॉशरूम जाने के लिए उठ गए, जिसके चलते करीब डेढ़ घंटे तक मतगणना की प्रक्रिया रुकी रही।
चुनाव प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू हुई। पहला वोट मेयर इंदरजीत कौर ने डाला। मेयर ही इस चुनाव की चुनाव अधिकारी भी थीं। कुछ पार्षदों ने मेयर और विधायकों के मतदान को लेकर आपत्ति जताई। इस पर मेयर ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया नियमों के अनुसार करवाई गई है और जिसे आपत्ति है, वह पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का रुख कर सकता है।
पहले नियुक्ति रद्द हुई थी
इससे पहले विधायक मदनलाल बग्गा और कुलवंत सिंह सिद्धू के बेटों को F&CC सदस्य नियुक्त किया गया था। कांग्रेस पार्षद गौरव भट्टी ने इस नियुक्ति को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। इसके बाद निकाय विभाग ने दोनों नियुक्तियों को गैरकानूनी बताते हुए रद्द कर दिया था।
अब दोनों विधायकों ने अपने-अपने बेटों को दोबारा चुनाव मैदान में उतारा। कुलवंत सिंह सिद्धू अपने बेटे युवराज के लिए पर्याप्त समर्थन जुटाने में सफल रहे, जबकि मदनलाल बग्गा के बेटे अमन बग्गा जीत के लिए जरूरी समर्थन हासिल नहीं कर सके।