डेली संवाद, नई दिल्ली। LPG Cylinder Price Cut: अगस्त महीने की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। केंद्र सरकार ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है। लगातार दूसरे महीने कमर्शियल गैस सिलेंडर सस्ता किया गया है।
हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) की कीमतों में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई दरों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 202 रुपये की कमी की गई है।
सिलेंडर 209 रुपये सस्ता
इसके बाद राजधानी में यह सिलेंडर 2,728 रुपये में उपलब्ध होगा, जबकि पहले इसकी कीमत 2,930 रुपये थी। वहीं, कोलकाता में सिलेंडर 209 रुपये सस्ता होकर 2,872.50 रुपये का हो गया है।
बिहार की राजधानी पटना में भी कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) 209 रुपये सस्ता होकर 3,018 रुपये में मिलेगा। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इसकी कीमत घटकर 2,860.50 रुपये रह गई है, जो पहले 3,052.50 रुपये थी।
गैस का खर्चा हुआ कम
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) की कीमतों में आई इस कटौती से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, चाय की दुकान और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलेगी। गैस खर्च कम होने से कारोबारियों की परिचालन लागत घटने की उम्मीद है।
वहीं, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलो एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) की कीमतें पहले की तरह ही बरकरार हैं। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये में उपलब्ध रहेगा।