Skip to content

Punjab News: पंजाब के CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान, महिलाओं की ‘आर्थिक आजादी’ पर जोर, कहा- महिलाओं को आर्थिक आजादी मिली

80वें स्वतंत्रता दिवस पर CM भगवंत मान ने फिरोजपुर में तिरंगा फहराया और महिलाओं की ‘आर्थिक आजादी’, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, कृषि व नशे के खिलाफ सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने ‘रंगला पंजाब’ बनाने और पंजाब की शांति व भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

Punjab News: पंजाब के CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान, महिलाओं की ‘आर्थिक आजादी’ पर जोर, कहा- महिलाओं को आर्थिक आजादी मिली
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, फिरोजपुर। Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फिरोजपुर कैंट बोर्ड स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में तिरंगा फहराया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब के विकास, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और नशे के खिलाफ सरकार की कार्रवाई समेत कई मुद्दों पर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि 2026 पंजाब की महिलाओं के लिए ‘आर्थिक आजादी’ का साल होगा। उन्होंने बताया कि ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत अब तक 74.59 लाख महिलाओं का पंजीकरण हुआ है, जबकि 65 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि पहुंचाई जा चुकी है।

महिलाओं को मिली आर्थिक आजादी

सीएम भगवंत मान ने कहा कि पहली बार बड़ी संख्या में महिलाओं के पास अपनी इच्छा के अनुसार पैसे खर्च करने की आर्थिक स्वतंत्रता आई है।

उनके मुताबिक, योजना के तहत अब तक 65 लाख 62 हजार महिलाओं के खातों में 2,274 करोड़ 42 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। उन्होंने बाकी पात्र महिलाओं से भी योजना के लिए पंजीकरण करवाने की अपील की।

CM Bhagwant Singh Mann
CM Bhagwant Singh Mann

शिक्षा में पंजाब नंबर-1 बनने का दावा

मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में केरल को पीछे छोड़कर देश में नंबर एक राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने NEET, 361 ने JEE Main और 64 विद्यार्थियों ने JEE Advanced परीक्षा पास की है।

उन्होंने कहा कि प्रिंसिपलों और शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर, फिनलैंड और अहमदाबाद भेजा जा रहा है। वहीं, ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ के जरिए विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने की मुफ्त तीर्थ यात्रा

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक 4 लाख से अधिक श्रद्धालु श्री आनंदपुर साहिब, नैना देवी और अमृतसर साहिब की यात्रा कर चुके हैं। अब हरिद्वार-ऋषिकेश, खाटू श्याम-सालासर बालाजी और मथुरा-वृंदावन जैसे धार्मिक स्थलों के लिए भी यात्राओं की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

नशे के खिलाफ कार्रवाई का दावा

सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों के सहयोग से नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने बताया कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत अब तक 56,394 मामले दर्ज किए गए हैं और 75,000 से अधिक नशा तस्करों को जेल भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि गांव और वार्ड स्तर पर डिफेंस कमेटियां बनाई गई हैं, जबकि करीब 1.25 लाख स्वयंसेवक नशा मुक्त पंजाब के अभियान में योगदान दे रहे हैं।

19e69c0a-313b-4b12-b95f-b57cf96ba96c.jpg

युवाओं को 69 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने युवाओं को मेरिट के आधार पर 69,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने दावा किया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही है और ‘नो कैश, नो फरमाइश’ के आधार पर युवाओं को रोजगार दिया गया।

उन्होंने बताया कि पंजाब में मार्च 2022 से अब तक 1.83 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है, जिससे करीब 6 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

खेतों तक पहुंचा नहर का पानी

कृषि और सिंचाई क्षेत्र का जिक्र करते हुए भगवंत मान ने कहा कि सरकार ने हर खेत तक नहर का पानी पहुंचाने के लिए करीब 7,200 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उनके अनुसार, नहर सिंचाई के तहत आने वाला रकबा 26 प्रतिशत से बढ़कर करीब 80 प्रतिशत हो गया है।

उन्होंने कहा कि 1,587 गांवों के खेतों तक पहली बार नहर का पानी पहुंचाया गया है। किसानों को कृषि कार्यों के लिए दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने का भी दावा मुख्यमंत्री ने किया।

f917f334-7f87-4228-a4c8-211478765f27.jpg

पंजाब की शांति और भाईचारे पर जोर

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पंजाब की शांति, सद्भावना और भाईचारे को नुकसान पहुंचाने वाली ताकतों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती ने हमेशा एकता और ‘सरबत दा भला’ का संदेश दिया है और प्रदेश में नफरत के लिए कोई जगह नहीं है।

उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश की आजादी की लड़ाई में बड़ा योगदान दिया और 1947 के विभाजन का सबसे अधिक दर्द भी पंजाब ने झेला। मुख्यमंत्री ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, ऊधम सिंह, करतार सिंह सराभा, लाला लाजपत राय समेत स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धाओं को श्रद्धांजलि दी।

खेलों को बढ़ावा देने पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में खेलों को बढ़ावा देने के लिए पहली बार विशेष रूप से 1,744 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। उन्होंने बताया कि ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ का चौथा सीजन 5 सितंबर को बठिंडा से शुरू होगा, जिसमें विभिन्न खेलों के मुकाबले करवाए जाएंगे।

उन्होंने पंजाब के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल और महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर समेत कई खिलाड़ी पंजाब से हैं।

72d34ab3-8d84-4d57-94ef-ebedd3fd050f.jpg

स्वास्थ्य क्षेत्र में भी योजनाओं का जिक्र

भगवंत मान ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अब तक 3 लाख से अधिक मरीज करीब 1,100 करोड़ रुपये का कैशलेस इलाज करा चुके हैं।

प्रदेश में 1,090 आम आदमी क्लीनिक संचालित होने और इनकी ओपीडी में करीब 6 करोड़ मरीजों के पहुंचने का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया।

शहीदों के सपनों का ‘रंगला पंजाब’ बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार शहीदों के सपनों को पूरा करते हुए पंजाब को खुशहाल, समृद्ध और ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजादी दिलाई और अब वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि पंजाब को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए।

समारोह में शानदार परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गिद्धा-भांगड़ा और विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को दर्शाती झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।