डेली संवाद, लखनऊ। UP Youth Policy: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के युवाओं के लिए नई ‘यूथ पॉलिसी’ की घोषणा की। विधानभवन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा प्रतिभावान, परिश्रमी और देश एवं समाज के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छाशक्ति से भरपूर है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को स्किल, इनोवेशन और एंप्लॉयमेंट के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
युवाओं के लिए AI और नई तकनीकों पर फोकस
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि Gen-Z और Gen-Alpha को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एग्रीटेक, फिनटेक, डीप टेक और मेड टेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं की क्षमता को प्रदेश के विकास और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ा जाए।
सीएम ने कहा कि सीएम युवा उद्यमी योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए मंडल मुख्यालयों पर स्पोर्ट्स कॉलेज, जिलों में स्टेडियम, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और गांवों में खेल मैदान एवं ओपन जिम विकसित किए जा रहे हैं।

‘उपद्रव प्रदेश’ से ‘उत्सव प्रदेश’ बना यूपी: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार के बाद उत्तर प्रदेश अब ‘उपद्रव प्रदेश’ से ‘उत्सव प्रदेश’ बन चुका है। उन्होंने कहा कि कभी बीमारू राज्यों में गिना जाने वाला उत्तर प्रदेश अब देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन की भूमिका निभा रहा है।
सीएम योगी के मुताबिक, पिछले नौ वर्षों में प्रदेश के बजट और अर्थव्यवस्था में तीन गुना वृद्धि हुई है। प्रति व्यक्ति आय भी तीन गुना बढ़ी है। प्रदेश को निवेश के लिए ‘ड्रीम डेस्टिनेशन’ बनाने के प्रयासों के तहत 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश प्रस्तावों के जरिए 65 लाख से अधिक युवाओं के लिए अपने ही जिले, क्षेत्र और प्रदेश में रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नौ वर्षों में नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी क्षेत्र में रोजगार मिला है। वहीं, प्रदेश में चार करोड़ से अधिक रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 96 लाख से अधिक MSME यूनिट, 32 हजार से अधिक बड़े उद्योग और 22 हजार से अधिक स्टार्टअप अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं।
महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन देने की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुआ है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की बेटियां बाजार, पढ़ाई और काम के लिए अधिक सुरक्षित माहौल में बाहर जा सकती हैं।
उन्होंने मिशन शक्ति, स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, बीसी सखी और अन्य योजनाओं के जरिए महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने का भी उल्लेख किया।
सिंचाई और मुफ्त बिजली का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान का सम्मान भारत के अन्न का सम्मान है। सरकार किसानों को सिंचाई, आधुनिक तकनीक, स्टोरेज और कृषि प्रसंस्करण से जोड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है और निजी नलकूप संचालित करने वाले 16 लाख किसानों को मुफ्त बिजली की सुविधा दी गई है।
शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को श्रद्धांजलि
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस के शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने शामली में कुख्यात अपराधियों के साथ मुठभेड़ में अदम्य साहस का परिचय दिया और अपने कर्तव्य का पालन करते हुए वीरगति प्राप्त की। उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया।
‘विकसित भारत’ के निर्माण को बताया सामूहिक जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजादी दिलाई, लेकिन अब विकसित भारत का निर्माण वर्तमान पीढ़ी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब विकसित उत्तर प्रदेश के लिए प्रदेश के सभी नागरिक अपने-अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।