डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब में आज 1 अगस्त से 40 लाख महिलाओं के बैंक खातों में ‘मुख्यमंत्री मांवा-धीयां सत्कार योजना" के तहत मिलने वाली राशि ट्रांसफर की जाएगी। योजना की दूसरी किस्त मुख्यमंत्री भगवंत मान पठानकोट से जारी करेंगे।
इस योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3,000 रुपये और एससी वर्ग की महिलाओं को 4,500 रुपये की राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इस बार लाभार्थी महिलाओं को एक साथ तीन महीने की राशि मिलेगी।
तीन महीने की राशि मिलेगी
इससे पहले 32 लाख महिलाओं के खातों में योजना की राशि भेजी जा चुकी है। सरकार का दावा है कि 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले अपनी प्रमुख गारंटी के तहत करीब 98 लाख महिलाओं में से 72 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा।
आज सिर्फ उन्हीं महिलाओं के खातों में पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे, जिनका रजिस्ट्रेशन देर से होने के कारण उन्हें पिछले महीने राशि नहीं मिल पाई थी। सरकार इन महिलाओं को तीन महीने की एकमुश्त किस्त जारी करेगी। जिन महिलाओं का रजिस्ट्रेशन पूरा हो चुका है, उनके खातों में आज 3,000 रुपये या 4,500 रुपये की राशि जमा होगी।