डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब में मानसून की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी हैं। रविवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जबकि बठिंडा 37 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। श्री आनंदपुर साहिब में सबसे अधिक 46.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार 24 अगस्त को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश की संभावना है। इन जिलों के 50 से 75 प्रतिशत हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं, अमृतसर, लुधियाना और पटियाला समेत केंद्रीय व पूर्वी जिलों के 25 से 50 प्रतिशत हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। बठिंडा और फाजिल्का सहित पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
कमजोर होगा मानसून
मंगलवार 25 अगस्त से मानसून की गतिविधि कमजोर होने की संभावना है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में 25 प्रतिशत या उससे कम क्षेत्र में छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि पंजाब के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
26 अगस्त को भी उत्तरी और पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जबकि बाकी इलाकों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। 27 अगस्त को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में छिटपुट बारिश के आसार हैं। राज्य के अधिकांश मध्य और दक्षिणी हिस्से सूखे रहेंगे।
तापमान में मामूली गिरावट
रविवार को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में शनिवार के मुकाबले 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई। बठिंडा में अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री, पटियाला में 34.7, अमृतसर में 34.3, चंडीगढ़ में 34.1 और लुधियाना में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।