डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर पड़ गई हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले पांच दिनों में राज्य के किसी भी हिस्से के लिए भारी बारिश या खराब मौसम को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस दौरान कई जिलों में हल्की और रुक-रुककर बारिश हो सकती है।
हल्की बारिश होने की संभावना
मौसम (IMD) विभाग का कहना है कि जिन इलाकों में बारिश नहीं होगी, वहां लोगों को उमस और गर्मी परेशान कर सकती है। 8 अगस्त को अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, बरनाला, संगरूर, पटियाला और फतेहगढ़ साहिब में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, बठिंडा, मानसा और मोहाली में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, राज्य के किसी भी जिले में फिलहाल भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।
सामान्य से कम बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 अगस्त तक पंजाब में सामान्य से कम बारिश दर्ज होने की संभावना है। हालांकि, राज्य के पूर्वी हिस्सों में कुछ जगहों पर सामान्य से थोड़ी ज्यादा बारिश हो सकती है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में भी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है।
अगले पांच दिनों के दौरान पंजाब में व्यापक बारिश के बजाय कुछ स्थानों पर ही हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। भारी बारिश की स्थिति फिलहाल बनती नजर नहीं आ रही है। 11 अगस्त को भी राज्य के किसी जिले के लिए येलो, ऑरेंज या रेड अलर्ट जारी नहीं किया गया है।