डेली संवाद, मोहाली। Accident News: रक्षाबंधन के त्योहार वाले दिन पंजाब में भयानक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है जिसमें तीन बहनों के इकलौते भाई की मौत हो गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक मोहाली के एयरपोर्ट चौक के पास रक्षाबंधन के दिन हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बहनों के इकलौते भाई की मौत हो गई। मृतक की पहचान मछलीकलां गांव निवासी 23 वर्षीय परमप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, परमप्रीत सिंह मोटरसाइकिल से अपनी बहनों से राखी बंधवाने के लिए घर जा रहा था। इसी दौरान एयरपोर्ट रोड पर अचानक उसकी बाइक फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद उसको अस्पताल में जाया गया यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
वहीं परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद परमप्रीत करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। परिजनों के मुताबिक, समय पर न तो एंबुलेंस पहुंची और न ही पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।
परमप्रीत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। उसके कंधों पर तीन बहनों की शादी की जिम्मेदारी थी।
होटल में करता था नौकरी
वह जीरकपुर के एक होटल में नौकरी करता था और अपनी कमाई से परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। हादसे के बाद मृतक की मां और तीनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।