डेली संवाद, मोगा। Visa Fraud: पंजाब के मोगा जिले में कनाडा (Canada) का वर्क परमिट (Work Permit) दिलाने के नाम पर एक युवती से 3 लाख 47 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद कोटकपूरा स्थित एक इमीग्रेशन संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच डीएसपी सिटी की निगरानी में जारी है। पुलिस के अनुसार, तलवंडी भंगेरिया गांव निवासी मंजीत कौर ने शिकायत दी थी कि कोटकपूरा के ए.बी. इमीग्रेशन के संचालक गुरमीत सिंह ने उसे कनाडा का वर्क परमिट और जल्द वीजा दिलाने का भरोसा दिया था।
वीजा न मिलने पर पैसे लौटाने का किया था वादा
शिकायत में बताया गया कि दिसंबर 2023 में गुरमीत सिंह ने वर्क परमिट प्रक्रिया के लिए पहले 5 हजार कैनेडियन डॉलर के बराबर राशि जमा कराने को कहा। उसने यह भी आश्वासन दिया कि यदि किसी कारण वीजा नहीं मिलता, तो पूरी रकम वापस कर दी जाएगी।
विश्वास में आकर मंजीत कौर ने अपने दस्तावेज जमा कराए और 26 दिसंबर 2023 को गुरमीत सिंह के खाते में 3 लाख 47 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
वीजा आवेदन खारिज, चेक भी हुआ बाउंस
पुलिस के मुताबिक, 16 मार्च 2025 को मंजीत कौर का कनाडा वीजा आवेदन खारिज हो गया। इसके बाद जब उसने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।
बाद में आरोपी ने 1 लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन वह बैंक में बाउंस हो गया। दबाव बढ़ने पर उसने 1 लाख 30 हजार रुपये वापस कर दिए, जबकि बाकी रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
जांच के बाद दर्ज हुई FIR
मोगा पुलिस ने शिकायत की जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद थाना सिटी मोगा में इमीग्रेशन संचालक गुरमीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी वित्तीय लेन-देन एवं दस्तावेजों की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।