डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के परागपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली के दौरान दुखद घटना सामने आई। रैली में पहुंचे दो भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत हो गई। पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रैली के मंच से दोनों कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी।
मृतकों की पहचान अर्शदीप सिंह और विनोद कुमार के रूप में बताई गई है। दोनों कहां के रहने वाले थे, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। जालंधर देहात पुलिस के मुताबिक दोनों की पहचान और घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
रैली में एंट्री के दौरान एक वर्कर को आया हार्ट अटैक
पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 1:23 बजे रैली में शामिल होने पहुंचे एक कार्यकर्ता की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि पंडाल में प्रवेश के लिए गेट पर चेकिंग चल रही थी, इसी दौरान वह व्यक्ति अचानक गिर गया।
सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मचारियों और अन्य स्टाफ ने तुरंत उसे संभाला। उसे पानी पिलाया गया और CPR देने की कोशिश की गई। इसके बाद रैली की सुरक्षा के लिए तैनात मेडिकल टीम ने कार्यकर्ता को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मेडिकल टीम ने भी की बचाने की कोशिश
घटना के बाद मौके पर मौजूद मेडिकल स्टाफ ने तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। एंबुलेंस में भी उसे फर्स्ट एड दी गई, लेकिन डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस अब मृतक की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि कर रही है।
दूसरे भाजपा कार्यकर्ता की भी मौत
रैली के दौरान विनोद कुमार नाम के एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता की भी मौत की जानकारी सामने आई है। हालांकि, उनकी मौत के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस दोनों मामलों की जानकारी जुटा रही है और मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया भी जारी है।
केवल सिंह ढिल्लों ने मंच से दी श्रद्धांजलि
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने अमित शाह की मौजूदगी वाली रैली के मंच से दोनों कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा कि रैली में भाजपा के साथ कदम से कदम मिलाकर पहुंचे दो कार्यकर्ता अब उनके बीच नहीं रहे। उन्होंने दोनों परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि पार्टी दुख की इस घड़ी में उनके परिवारों के साथ खड़ी है।
नशा मुक्त पंजाब रैली के दौरान हादसे से शोक
अमित शाह की जालंधर रैली भाजपा की ओर से निकाली गई ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन कार्यक्रम के तौर पर आयोजित की गई थी। इसी दौरान दो कार्यकर्ताओं की मौत की खबर से रैली में शोक का माहौल बन गया।
फिलहाल पुलिस दोनों मृतकों की पूरी पहचान, मौत के कारण और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।