डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के लुधियाना में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की घटना के विरोध में जालंधर में भी विरोध की आवाज तेज हो गई है। वाल्मीकि समाज और विभिन्न दलित संगठनों ने घटना के विरोध में कल जालंधर बंद का आह्वान किया है।
संगठनों की ओर से जारी आह्वान के मुताबिक, जालंधर (Jalandhar) शहर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रखने की अपील की गई है। इस दौरान विभिन्न संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन भी किए जाने की बात कही गई है।
स्कूल-कॉलेज और मेडिकल स्टोर रहेंगे बंद से बाहर
बंद के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्कूल, कॉलेज और मेडिकल स्टोरों को बंद से मुक्त रखने की बात कही गई है। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को भी प्रभावित न करने का निर्णय लिया गया है।
बंद का फैसला भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि की संयुक्त अगुवाई में लिया गया।
पहले भी घटनाएं होने का दावा
राजीव गोरा ने आरोप लगाया कि बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। उनके मुताबिक, संबंधित स्थान पर इससे पहले भी प्रतिमा के शीशे तोड़े गए थे और प्रशासन से सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई थी।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में पार्षद ने ही नगर निगम को लगा दिया लाखों का चूना
संगठनों का कहना है कि यदि पहले ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाते तो ऐसी घटनाओं को रोकने में मदद मिल सकती थी। उन्होंने प्रशासन से मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
गौरव वाल्मीकि ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को पंजाब स्तर पर और तेज किया जा सकता है।
फिलहाल जालंधर में बंद के आह्वान को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर भी नजर है। संगठनों ने लोगों से बंद को समर्थन देने की अपील की है, जबकि आम लोगों के लिए आवश्यक सेवाएं जारी रखने की बात कही गई है।