Skip to content

Jalandhar News: जालंधर में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी: 2 कारों से 83 पेटी बरामद, 3 आरोपी नामजद

जालंधर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना रामा मंडी पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गुरु नानकपुरा ईस्ट की गली नंबर 8 में छापेमारी कर दो कारों से 83 पेटी अवैध शराब बरामद की है।

Jalandhar News: जालंधर में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी: 2 कारों से 83 पेटी बरामद, 3 आरोपी नामजद
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना रामा मंडी पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गुरु नानकपुरा ईस्ट की गली नंबर 8 में छापेमारी कर दो कारों से 83 पेटी अवैध शराब बरामद की है। बरामद शराब की मात्रा 7.47 लाख मिलीलीटर से अधिक बताई जा रही है।

इस मामले में पुलिस (Police) ने वरुण कपूर निवासी लक्ष्मी पुरा, नितिन नागपाल उर्फ नंदू निवासी कोट किशन चंद और राजीव उर्फ जीबा निवासी संकरपुरा के खिलाफ पंजाब आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

भरत नगर फाटक के पास मिली थी शराब की सूचना

जानकारी के अनुसार, थाना रामा मंडी के एएसआई रणजीत पाल पुलिस टीम के साथ बुधवार को जांच के सिलसिले में भरत नगर फाटक के पास मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उक्त तीनों व्यक्ति बड़े स्तर पर अवैध शराब बेचने का काम करते हैं।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

सूचना में बताया गया कि आरोपी दो सफेद रंग की कारों में शराब लेकर गुरु नानकपुरा ईस्ट, गली नंबर 8, मकान नंबर 694 के बाहर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।

आबकारी विभाग को साथ लेकर की छापेमारी

सूचना मिलने के बाद एएसआई रणजीत पाल ने आबकारी निरीक्षक मोहित सेठी और जशन सिंह को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की।

मौके पर पुलिस को दो कारें खड़ी मिलीं। इनमें मारुति ब्रीजा नंबर PB-08-EZ-7864 और मारुति बलेनो नंबर PB-08-FQ-3761 शामिल थीं।

कारों से मिली 83 पेटी शराब

पुलिस के मुताबिक, दोनों कारों की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। मारुति ब्रीजा से 40 पेटी पंजाब किंग्स मार्क की शराब बरामद हुई, जबकि मारुति बलेनो से 43 पेटी पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर मार्क की शराब मिली। इस तरह दोनों वाहनों से कुल 83 पेटी शराब बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों की खिड़कियां खुली थीं और उनकी चाबियां भी अंदर ही लगी हुई थीं। कार्रवाई के दौरान आसपास मौजूद लोगों को स्वतंत्र गवाह बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत मजबूरियां बताते हुए गवाह बनने से इनकार कर दिया।

शराब के सैंपल लेकर सील किए

पुलिस ने नियमानुसार बरामद शराब के सैंपल मौके पर ही लिए। सैंपलों को प्लास्टिक के केनों में डालकर सील किया गया और सील पर 'RP' मोहर लगाई गई। इसके बाद दोनों वाहनों और बरामद शराब को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

थाना रामा मंडी, कमिश्नरेट जालंधर में तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ द पंजाब एक्साइज एक्ट, 1914 की धारा 61 और 78(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। इसके साथ ही जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब आरोपियों तक कहां से पहुंची और इसके पीछे शराब की सप्लाई करने वाला नेटवर्क कौन है।