डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के छोटी बारादरी स्थित ताज मार्केट में रॉयल ओवरसीज कंसलटेंट के दफ्तर में जमकर हंगामा हुआ है। आरोप है कि रॉयल ओवरसीज कंसलटेंट के एजैंट ने मलेशिया भेजने के नाम पर ठगी की है। युवक अपना पासपोर्ट मांग रहा था, लेकिन रॉयल ओवरसीज कंसलटेंट के दफ्तर में उसे पासपोर्ट वापस नहीं किया गया।
पंजाब के लुधियाना के राहों रोड (बस्ती जोधेवाल) निवासी संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि उसने मलेशिया का वर्क परमिट लगवाने के लिए ट्रैवल एजेंसी को अपना पासपोर्ट दिया था, लेकिन एजेंसी की ओर से उसे टूरिस्ट वीजा पर भेजने की तैयारी की जा रही थी।
पासपोर्ट वापस मांगने पर बढ़ा विवाद
पीड़ित संदीप कुमार के अनुसार, जब उसे टूरिस्ट वीजा पर भेजे जाने की जानकारी मिली तो उसने एजेंसी से अपना पासपोर्ट वापस मांगा। आरोप है कि एजेंसी संचालकों ने पासपोर्ट लौटाने से इनकार कर दिया और इसके बदले 3 हजार रुपये की मांग की।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला हंगामे में बदल गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि उसने एजेंसी को कोई रकम नहीं दी थी और केवल मलेशिया भेजने को लेकर डील की बात हुई थी।
मोबाइल उठाने का आरोप
विवाद के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब पीड़ित पक्ष की ओर से कथित तौर पर एजेंसी के दफ्तर से एक मोबाइल फोन उठा लिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई।
पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
पुलिस दोनों आरोपों की कर रही जांच
मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी एएसआई सुच्चा सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से पासपोर्ट रोकने और मोबाइल फोन उठाने, दोनों आरोपों की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।