डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Chandigarh iPhone Langar Cancelled: पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में 22 सितंबर को प्रस्तावित ‘iPhone लंगर’ को जिला प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। अमृतसर के कारोबारी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर राकेश त्रेहान उर्फ ‘राजा डी किंग’ ने चंडीगढ़ और मोहाली में लोगों को प्रसाद के रूप में iPhone 17 और उससे ऊपर के मॉडल बांटने का ऐलान किया था।
प्रशासन और पुलिस का कहना है कि इस तरह के आयोजन से मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट सकती है और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा होने का खतरा हो सकता है।
आयोजक ने नहीं ली थी प्रशासन से अनुमति
चंडीगढ़ (Chandigarh) की SSP कंवरदीप कौर के मुताबिक, प्रस्तावित आयोजन के लिए आयोजक की ओर से पुलिस या प्रशासन से कोई औपचारिक अनुमति नहीं मांगी गई थी। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने आयोजक को लिखित रूप से सूचित करने की प्रक्रिया शुरू की है कि इस आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, बिना अनुमति सार्वजनिक एकत्रीकरण करना भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत जारी प्रतिबंधों का उल्लंघन हो सकता है।
iPhone 17 बांटने का किया था दावा
राकेश त्रेहान उर्फ ‘राजा डी किंग’ ने सोशल मीडिया के जरिए 22 सितंबर को चंडीगढ़ और मोहाली में ‘iPhone लंगर’ लगाने की घोषणा की थी। उनके दावे के मुताबिक, लोगों को iPhone 17 और उससे ऊपर के मॉडल ‘प्रसाद’ के तौर पर दिए जाने थे।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
बाद में आयोजन को लेकर उनके सोशल मीडिया बयानों में भी बदलाव सामने आया। शुरुआत में खुद मौजूद रहकर आईफोन बांटने की बात कही गई, जबकि बाद में ऑनलाइन वितरण और लकी ड्रॉ की बात कही गई।
पहले ‘पेट्रोल लंगर’ को लेकर भी हुआ था विवाद
इससे पहले राकेश त्रेहान की ओर से ‘पेट्रोल लंगर’ आयोजित करने का दावा किया गया था। उस दौरान भारी बारिश के बीच अव्यवस्था की स्थिति बनने की बात सामने आई थी और कार्यक्रम को अंततः रद्द करना पड़ा था।
इसी पुराने अनुभव को देखते हुए प्रशासन प्रस्तावित iPhone लंगर को लेकर भीड़ और कानून-व्यवस्था से जुड़े जोखिमों को लेकर सतर्क है।
DC ने आयोजन रोकने के दिए निर्देश
चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने पुलिस को 22 सितंबर के प्रस्तावित कार्यक्रम को रोकने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि ऐसे आयोजनों में अचानक बड़ी भीड़ जुटने से सुरक्षा संबंधी चुनौतियां पैदा हो सकती हैं।
DC ने आयोजक को सुझाव दिया कि महंगे फोन बांटने के बजाय वृद्धाश्रम, अनाथालय या अन्य सेवा कार्यों में सहयोग किया जाए।
फिलहाल चंडीगढ़ प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि 22 सितंबर को ‘iPhone लंगर’ आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।