Skip to content

Punjab News: पंजाब में करोड़ों के लेन-देन में फर्जीवाड़ा, खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाकर हड़पा 8000 गज का प्लॉट

लुधियाना में 1.48 करोड़ रुपए के ब्याज के लेन-देन को लेकर धोखाधड़ी का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 50 खाली कागजों और चेक पर हस्ताक्षर करवाकर 8000 वर्ग गज के प्लॉट के दस्तावेज तैयार किए गए। पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

Punjab News: पंजाब में करोड़ों के लेन-देन में फर्जीवाड़ा, खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाकर हड़पा 8000 गज का प्लॉट
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना में ब्याज पर लिए गए 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रुपए के लेन-देन को लेकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने एक व्यक्ति से गारंटी के नाम पर 50 खाली कागजों और चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए और बाद में कथित तौर पर उन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर गांव बीरमी में स्थित करीब 8000 वर्ग गज के प्लॉट को अपने नाम कराने की कोशिश की।

इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला लुधियाना के सराभा नगर थाने में दर्ज किया गया है।

ब्याज पर लिए थे 1.48 करोड़ रुपए

शिकायतकर्ता नीरज कपूर (48), निवासी दुर्गा पुरी, लुधियाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आरोपियों से पहले भी ब्याज पर पैसे लेते रहे हैं। नीरज के अनुसार, सितंबर 2025 में उन्होंने आरोपियों से 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रुपए ब्याज पर लिए थे।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

इसके बदले आरोपियों ने कथित तौर पर गारंटी के तौर पर उनसे 50 खाली कागजों और एक चेक पर हस्ताक्षर करवाए थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में इन्हीं हस्ताक्षर किए हुए कागजों का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया गया।

Neeraj Kapoor.jpg

जाली हस्ताक्षरों से प्लॉट के दस्तावेज तैयार करने का आरोप

नीरज कपूर के मुताबिक, बाद में आरोपियों ने उनके खिलाफ ही एक मामला दर्ज करवा दिया। जब उन्होंने उस केस से संबंधित दस्तावेजों की जांच की तो उन्हें कथित तौर पर पता चला कि कुछ दस्तावेजों पर उनके जाली हस्ताक्षर किए गए हैं।

शिकायत के मुताबिक, हस्ताक्षर किए गए खाली कागजों का कथित रूप से इस्तेमाल करते हुए गांव बीरमी, हीरो होम्स के सामने स्थित 8000 वर्ग गज के प्लॉट के दस्तावेज आरोपियों के पक्ष में तैयार किए गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपियों की ओर से ‘फुल एंड फाइनल’ सेटलमेंट होने का दावा भी किया गया।

6 लोगों के खिलाफ FIR

इस मामले में पुलिस ने कुल 6 लोगों को नामजद किया है। FIR में रजत गुप्ता, आशीष गुप्ता, अरुण कुमार गुप्ता, वनीता गुप्ता, वंश जैन और रवजोत जैन के नाम शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

BNS की इन धाराओं में केस दर्ज

नीरज कपूर की शिकायत पर 29 सितंबर 2026 को सराभा नगर थाने में FIR दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 333, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

मामले की जांच ASI उमेश कुमार कर रहे हैं। पुलिस अब कथित दस्तावेजों, हस्ताक्षरों, पैसों के लेन-देन और प्लॉट से संबंधित रिकॉर्ड की जांच करेगी। फिलहाल पुलिस जांच के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होती है या नहीं।