डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: विधानसभा जालंधर नॉर्थ हलके में आम आदमी पार्टी (AAP) को उस समय नई राजनीतिक मजबूती मिली, जब भाजपा नेता विशाल रेरू अपने साथियों सहित पार्टी में शामिल हो गए।
जालंधर नगर निगम के मेयर एवं जालंधर नॉर्थ हलका इंचार्ज वनीत धीर और पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा ने उनका पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर जिला प्रधान अमृतपाल सिंह, वार्ड-2 से पार्षद सिमरनजीत सिंह सहित पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे।
लोगों से जुड़े मुद्दों पर काम करने की बात कही
मेयर वनीत धीर ने बताया कि विशाल रेरू ने वर्ष 2024 में वार्ड नंबर 2 से पार्षद का चुनाव लड़ा था। उन्होंने कहा कि विशाल रेरू अपने साथियों के साथ आम आदमी पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। उनके साथ अमरजोत सिंह, राम प्रीत सिंह, बलबीर विर्क, सुनील कुमार, राहुल चोपड़ा और विशाल कश्यप ने भी आम आदमी पार्टी का दामन थामा।
वनीत धीर ने विश्वास जताया कि विशाल रेरू और उनके साथियों के पार्टी में शामिल होने से जालंधर नॉर्थ में जनसंपर्क की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहयोग मिलेगा। इस मौके पर पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उनके साथ मिलकर क्षेत्र के लोगों से जुड़े मुद्दों पर काम करने की बात कही।
‘आप’ की नीतियों और कार्यशैली से प्रभावित होकर लिया फैसला: विशाल रेरू
पार्टी में शामिल होने के बाद विशाल रेरू ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी की नीतियों और मेयर वनीत धीर के काम करने के तरीके से प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्होंने भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ने का फैसला किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी के साथ मिलकर वह अपने क्षेत्र के लोगों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और उनके समाधान के लिए काम कर सकेंगे।