डेली संवाद, मोगा। Punjab Moga News Today: पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी (AAP) के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित होने जा रही ‘खुशहाल पंजाब’ रैली से पहले एक दर्दनाक हादसा हो गया। रैली स्थल पर सुबह करीब 10 बजे कॉफी बनाने वाली मशीन फट गई। इस हादसे में कॉफी बना रहे कर्मचारी के सिर पर मशीन का एक टुकड़ा लग गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि जिस स्टॉल पर यह हादसा हुआ, वह रैली के मुख्य मंच से महज 100 मीटर की दूरी पर था। हादसे के बाद रैली स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
116 एकड़ में तैयार किया गया रैली स्थल
आम आदमी पार्टी ने मोगा में ‘खुशहाल पंजाब’ नाम से बड़ी रैली आयोजित करने की तैयारी की है। इस कार्यक्रम में पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
रैली के लिए करीब 116 एकड़ जमीन में विशाल पंडाल तैयार किया गया है। पार्टी की ओर से इस कार्यक्रम में लगभग डेढ़ लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
2027 विधानसभा चुनाव के अभियान की शुरुआत करेगी AAP
इस रैली को पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम के जरिए आम आदमी पार्टी अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रही है।
रैली में अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करेंगे।
रैली में स्मार्ट कार्ड बांटने की भी होगी शुरुआत
इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी स्मार्ट कार्ड वितरण की शुरुआत भी करने जा रही है। इसी वजह से इस आयोजन को सरकारी कार्यक्रम के रूप में भी पेश किया जा रहा है।
हालांकि, रैली से पहले कॉफी मशीन फटने से कर्मचारी की मौत ने आयोजन की तैयारियों के बीच एक दुखद स्थिति पैदा कर दी है। हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।