Skip to content

Jalandhar News: जालंधर में प्रॉपर्टी कारोबारी लक्की ठाकुर हत्याकांड में बड़ा अपडेट, 3 और आरोपी गिरफ्तार; अब तक 6 पकड़े

नरिंदर थापर समेत पहले 3 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहुल, यशपाल और गुरदीप को भी दबोचा; थापर की सुरक्षा में तैनात कर्मचारी वापस बुलाया

Jalandhar News: जालंधर में प्रॉपर्टी कारोबारी लक्की ठाकुर हत्याकांड में बड़ा अपडेट, 3 और आरोपी गिरफ्तार; अब तक 6 पकड़े
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर में प्रॉपर्टी कारोबारी लक्की ठाकुर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने इससे पहले शिवसेना समाजवादी के चेयरमैन नरिंदर थापर समेत एक महिला और एक अन्य व्यक्ति को फतेहगढ़ साहिब के पास एक ढाबे से गिरफ्तार किया था।

ताजा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल, यशपाल और गुरदीप के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक राहुल और गुरदीप हत्या की वारदात को अंजाम देने वालों में शामिल थे, जबकि यशपाल ने आरोपियों को मौके से भगाने में मदद की थी।

नरिंदर थापर की सुरक्षा वापस ली गई

नरिंदर थापर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मचारी को वापस बुला लिया है। DCP सिटी आदित्य वॉरियर ने बताया कि नरिंदर थापर की सुरक्षा के लिए एक कर्मचारी तैनात किया गया था, जिसे अब वापस बुला लिया गया है।

इसके अलावा नरिंदर थापर के पास लाइसेंसी हथियार होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है।

गुरुद्वारे में माथा टेकने जा रहे लक्की पर हुआ था हमला

जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 8:30 बजे लक्की ठाकुर पर उस समय हमला किया गया, जब वह गुरुद्वारे में माथा टेकने जा रहे थे। हमलावरों ने उन पर बेरहमी से हमला किया। वारदात के दौरान उनके हाथ की उंगलियां तक काट दी गईं।

इस हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश में छापेमारी की थी।

बेटे को चिट्टा पिलाने के आरोप से शुरू हुई थी रंजिश!

मृतक लक्की ठाकुर के भाई मनमोहन ने आरोप लगाया है कि शिवसेना नेता के बेटे राम कृष्ण और उसके गैंग के साथ लक्की की पुरानी रंजिश थी। मनमोहन के मुताबिक लक्की ने राम कृष्ण पर अपने बेटे को चिट्टा (नशा) पिलाने का आरोप लगाया था।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में दुश्मनी बढ़ गई थी। लक्की ने इस संबंध में पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। हालांकि, हत्या के पीछे की पूरी वजह और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

नरिंदर थापर के साथ ये आरोपी भी हुए थे गिरफ्तार

पुलिस ने बुधवार को फतेहगढ़ साहिब के पास एक ढाबे से नरिंदर थापर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें दीपक राणा और गुड़िया भी शामिल हैं।

बताया गया है कि दीपक राणा नरिंदर थापर का भांजा है, जबकि गुड़िया उनके ऑफिस में काम करती थी। इसके बाद पुलिस ने राहुल, यशपाल और गुरदीप को भी गिरफ्तार कर लिया।

शिवसेना में नेता रह चुका था लक्की ठाकुर

लक्की ठाकुर के राजनीतिक संपर्क भी बताए जा रहे हैं। वह पहले नरिंदर थापर के साथ शिवसेना में नेता रह चुका था। इसके अलावा मौजूदा विधायक और अन्य बड़े नेताओं के साथ भी उसके अच्छे संबंध होने की बात सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक लक्की ठाकुर के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वह एक मामले में 10 साल की सजा काट चुका था।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस की जांच के बाद ही हत्याकांड की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।