डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर नगर निगम की हाउस बैठक बुधवार को मेयर विनीत धीर की अगुवाई में हुई। बैठक में शहर के विकास कार्यों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर अधिकारियों को घेरा। विपक्षी पार्षदों ने खास तौर पर शहर में तेजी से विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों और बिना नक्शे के बन रही कमर्शियल इमारतों का मुद्दा उठाते हुए नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
वहीं, नगर निगम हाउस ने सीवरेज, सड़कों और रिपेयर सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े करीब 150 करोड़ रुपये के विकास प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। बैठक के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच कई मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिली।
अवैध कॉलोनियों और इमारतों को लेकर MTP पर उठे सवाल
बैठक में कांग्रेस और भाजपा के पार्षदों ने आरोप लगाया कि शहर में अवैध निर्माण तेजी से हो रहे हैं। कई इलाकों में बिना नक्शा पास करवाए कमर्शियल इमारतें बनाई जा रही हैं और धड़ाधड़ अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं।
विपक्षी पार्षदों ने टाउन प्लानिंग विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एमटीपी इकबालप्रीत सिंह रंधावा शहर में अवैध कॉलोनियों और बिल्डिंगों के निर्माण पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। इससे नगर निगम को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
पार्षदों ने इस मामले में एमटीपी इकबालप्रीत सिंह रंधावा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी हाउस में रखी। मेयर वनीत धीर ने हाउस के समक्ष एमटीपी इकबालप्रीत रंधावा को पेश होने को कहा, लेकिन वे नहीं आए। इसके बाद मेयर ने निगम कमिश्नर को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
150 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी
नगर निगम हाउस ने शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए करीब 150 करोड़ रुपये के विकास प्रस्तावों को मंजूरी दी। इनमें सीवरेज सिस्टम को बेहतर बनाने, सड़कों की मरम्मत और अन्य जरूरी विकास कार्य शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
मेयर विनीत धीर ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास को लेकर गंभीर है। इन प्रस्तावों के मंजूर होने से शहर के अलग-अलग इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

विपक्ष के हंगामे पर मेयर ने दिया जवाब
बैठक के बाद मेयर विनीत धीर ने कहा कि हाउस की कार्यवाही अच्छे ढंग से चली, लेकिन कांग्रेस और भाजपा के कुछ विपक्षी सदस्यों ने बार-बार बाधा डालने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को अपने मुद्दे रखने के लिए पूरा समय दिया गया, जबकि आम आदमी पार्टी के पार्षदों को बोलने का कम मौका मिला।
मेयर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को पता नहीं क्यों शहर का विकास नहीं पच रहा। अच्छा-खासा चल रहा हाउस कुछ पार्षदों ने डिस्टर्ब किया।
नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल पर क्या बोले मेयर?
नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर मेयर विनीत धीर ने कहा कि यूनियन के सदस्यों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि पिछले 35 साल में पहली बार 1,196 कर्मचारियों की भर्ती से जुड़ी फाइल पास करवाई गई है। इस भर्ती को मंजूरी दिलाने के लिए वह खुद करीब 20 बार चंडीगढ़ जा चुके हैं।
मेयर ने कहा कि कर्मचारियों के मुद्दों को बातचीत के जरिए हल करने का प्रयास किया जाएगा।
विधानसभा चुनाव से पहले विकास कार्यों पर मेयर का बड़ा बयान
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर विकास प्रस्तावों पर उठ रहे सवालों के जवाब में मेयर विनीत धीर ने कहा कि शहर के विकास कार्यों का चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। विकास एक निरंतर प्रक्रिया है।
उन्होंने बताया कि किसी भी प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई और टेंडर प्रक्रिया पूरी करने में समय लगता है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि मंजूर किए गए विकास कार्यों को एक सप्ताह के अंदर शुरू करवाने का प्रयास किया जाएगा।
कुल मिलाकर जालंधर नगर निगम की इस हाउस बैठक में जहां 150 करोड़ रुपये के विकास प्रस्तावों को मंजूरी मिली, वहीं अवैध कॉलोनियों, बिल्डिंगों, एमटीपी विभाग की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की हड़ताल जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर बहस हुई।