कासगंज में मिनी कुंभ ककोड़ा मेले का भव्य शुभारंभ, कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
कासगंज के ऐतिहासिक कादरगंज गंगा घाट पर प्रसिद्ध ककोड़ा मेले का सोमवार को धार्मिक परंपराओं और उत्साह के साथ आगाज हुआ। मेले का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप और एडीएम आलोक गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस दौरान मां गंगा की आरती और विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।
मेले के शुभारंभ के साथ ही गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ने लगी है। प्रशासन की ओर से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने मेला परिसर का निरीक्षण किया और आने-जाने के रास्तों, पेयजल, रोशनी, साफ-सफाई तथा गंगा स्नान के लिए बनाए गए घाटों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रशासन को उम्मीद है कि कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर गंगा में आस्था की डुबकी लगाएंगे।