Skip to content

Jalandhar Mews: जालंधर के न्यू जवाहर नगर में करोड़ों की कोठी को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा, NRI महिला और वकील आमने-सामने, दोनों ने लगाए गंभीर आरोप

जालंधर के न्यू जवाहर नगर में करोड़ों की कोठी को लेकर NRI महिला सुखबीर कौर और एडवोकेट जस्मीत सिंह जौहल आमने-सामने। दोनों ने लगाए कब्जे और तोड़फोड़ के आरोप...

Jalandhar Mews: जालंधर के न्यू जवाहर नगर में करोड़ों की कोठी को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा, NRI महिला और वकील आमने-सामने, दोनों ने लगाए गंभीर आरोप
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर में करोड़ों रुपये की एक कोठी को लेकर विवाद सामने आया है। शहर के पॉश इलाके न्यू जवाहर नगर में एक NRI महिला और वकील के बीच संपत्ति के मालिकाना हक को लेकर जमकर हंगामा हुआ। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद मामला गरमा गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी चर्चा हो रही है।

मामला दिवंगत वरिष्ठ वकील तीरथ सिंह की संपत्ति से जुड़ा है। इस विवाद में उनकी NRI बेटी सुखबीर कौर और एडवोकेट जस्मीत सिंह जौहल आमने-सामने हैं। दोनों पक्ष संपत्ति पर अपना-अपना अधिकार जता रहे हैं।

NRI महिला ने लगाया जबरन कब्जे का आरोप

जानकारी के मुताबिक, इंग्लैंड से लौटी सुखबीर कौर का दावा है कि वह दिवंगत वरिष्ठ एडवोकेट तीरथ सिंह की इकलौती बेटी हैं। उनके अनुसार, उनके पिता ने वर्ष 2007 में यह संपत्ति उनके नाम ट्रांसफर कर दी थी। प्रॉपर्टी टैक्स, बिजली और पानी के बिल भी उनके नाम पर हैं।

सुखबीर कौर का आरोप है कि पिता के निधन के बाद उन्होंने मानवीय आधार पर कुछ जूनियर वकीलों को इस इमारत में अपना कार्यालय चलाने की अनुमति दी थी। लेकिन जब संपत्ति का उचित इस्तेमाल नहीं हो रहा था तो उन्होंने 15 दिनों के भीतर जगह खाली करने का नोटिस दिया।

यह भी पढ़ें: पंजाब में 3000 करोड़ के GST घोटाले का पर्दाफाश, लोहा कारोबारियों समेत CA का नाम आया सामने

महिला के मुताबिक, दो वकील अपना सामान लेकर चले गए, लेकिन एडवोकेट जस्मीत सिंह जौहल ने जगह खाली करने से इनकार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि वकील करीब 20 लोगों के साथ जबरन परिसर में दाखिल हुए और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।

वकील ने भी महिला के आरोपों को बताया बेबुनियाद

दूसरी तरफ, एडवोकेट जस्मीत सिंह जौहल ने NRI महिला के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका दावा है कि वह वर्ष 1997 से इस संपत्ति में अपना कार्यालय चला रहे हैं और संबंधित हिस्से के असली मालिक हैं।

वकील ने आरोप लगाया कि जब वह किसी काम से होशियारपुर गए हुए थे, उस दौरान मुख्य गेट उखाड़कर नया गेट लगा दिया गया। साथ ही कार्यालय में लगे CCTV कैमरों को तोड़ दिया गया और जरूरी दस्तावेजों समेत कीमती सामान बाहर फेंक दिया गया। इस तरह दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया

विवाद बढ़ने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत करवाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ACP ने दोनों पक्षों को अपने-अपने दस्तावेजों के साथ पुलिस स्टेशन बुलाया। दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल करोड़ों की इस कोठी का विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि संपत्ति के मालिकाना हक को लेकर सामने आए दावों और आरोपों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।