Skip to content

Punjab News: पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत पर लगा बड़ा आरोप, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने किया सनसनीखेज दावा

जालंधर वेस्ट में भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत को विकास कार्यों, नशे और परिवारवाद के मुद्दे पर घेरा।

Punjab News: पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत पर लगा बड़ा आरोप, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने किया सनसनीखेज दावा
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Punjab News: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच जालंधर वेस्ट विधानसभा क्षेत्र की सियासत में भी बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने आम आदमी पार्टी के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत पर तीखा हमला बोलते हुए क्षेत्र में विकास कार्य न करवाने, नशे की समस्या और परिवार को बढ़ावा देने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने मंत्री मोहिंदर भगत की कार्यशैली पर सवाल उठाए और दावा किया कि जालंधर वेस्ट की जनता मौजूदा विधायक से नाराज है। हालांकि, ये सभी आरोप भाजपा नेता शीतल अंगुराल की ओर से लगाए गए हैं।

चुनावी कार्यालय के उद्घाटन पर भी उठाए सवाल

शीतल अंगुराल ने कहा कि हाल ही में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने जालंधर वेस्ट में अपने चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया था। अंगुराल ने दावा किया कि इस कार्यक्रम में 90 लोग भी शामिल नहीं हुए।

उन्होंने इसे क्षेत्र में जनता की कथित नाराजगी से जोड़ते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को जालंधर वेस्ट सीट पर हार का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने यहां तक दावा किया कि पार्टी के उम्मीदवार की जमानत जब्त हो सकती है।

विकास कार्यों को लेकर मंत्री मोहिंदर भगत को घेरा

भाजपा नेता ने जालंधर वेस्ट में विकास कार्यों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहिंदर भगत के कार्यकाल में क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है और चुनाव से पहले किए गए वादे पूरे नहीं किए गए।

अंगुराल ने कहा कि चुनाव से पहले जालंधर वेस्ट को स्वर्ग बनाने की बात कही गई थी, लेकिन उनके मुताबिक आज भी इलाके के लोग बुनियादी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

नशे के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

शीतल अंगुराल ने क्षेत्र में नशे की समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पंजाब में नशा खत्म करने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जालंधर वेस्ट में नशे के कारण युवाओं की मौतों की घटनाएं सामने आ रही हैं।

उन्होंने मंत्री मोहिंदर भगत से सवाल किया कि यदि सरकार नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही है तो क्षेत्र में इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं दिखाई दे रहा है।

परिवार और फैक्ट्री को बढ़ावा देने का लगाया आरोप

भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने मंत्री मोहिंदर भगत पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि जनता के हितों और क्षेत्र के विकास पर ध्यान देने के बजाय मंत्री अपने परिवार और निजी कारोबार को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। अंगुराल ने उनकी फैक्ट्री के विस्तार को लेकर भी सवाल उठाए।

जालंधर वेस्ट में बढ़ेगी राजनीतिक बयानबाजी?

शीतल अंगुराल के इन बयानों के बाद जालंधर वेस्ट की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल सकती है। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच इस सीट पर राजनीतिक मुकाबला और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। अब देखना होगा कि मंत्री मोहिंदर भगत इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और क्षेत्र के विकास व नशे के मुद्दे पर क्या जवाब सामने आता है।