Skip to content

Haryana News: हरियाणा निगम चुनाव में भाजपा का बजा डंका, 10 में से 9 निगमों पर BJP का कब्जा

Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, हरियाणा। Haryana News: हरियाणा के नगरीय निकाय चुनाव (Nagar Nikay Chunav) के रिजल्ट घोषित हो गए है। भाजपा (BJP) ने 10 नगर निगम में से 9 में जीत दर्ज की है। कांग्रेस का किसी भी निगम में खाता नहीं खुला। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के गढ़ रोहतक में भी कांग्रेस जीत नहीं पाई।

यह भी पढ़ें: कनाडा सरकार ने एक्सप्रेस एंट्री में किया गया बदलाव, पंजाबियों पर पड़ेगा असर

इसी तरह सिरसा नगर परिषद में भाजपा का चेयरमैन बना। सिरसा से कांग्रेस की कुमारी सैलजा सांसद हैं। मानेसर नगर निगम में निर्दलीय डॉ. इंद्रजीत यादव (Dr. Indrajit Yadav) चुनाव जीतीं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार सुंदर लाल को हराया। इंद्रजीत यादव ने खुद को केंद्रीय राज्यमंत्री और गुरुग्राम से भाजपा सांसद राव इंद्रजीत की करीबी बताकर प्रचार किया था।

elections
elections

फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल, यमुनानगर, गुरुग्राम और मानेसर में 2 मार्च को वोटिंग हुई थी। अंबाला और सोनीपत में मेयर पद के उपचुनाव के लिए भी इसी दिन मतदान हुआ। इसी दिन 21 नगर पालिकाओं के लिए भी वोट डाले गए। पानीपत में 9 मार्च को वोटिंग हुई।

दिग्गज नेताओं का कैसा रहा रिजल्ट?

  • CM सिटी में थानेसर नगर परिषद में भाजपा जीती।
  • पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्‌डा के गढ़ रोहतक में कांग्रेस मेयर चुनाव हारी।
  • केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के लोकसभा क्षेत्र फरीदाबाद में भाजपा मेयर चुनाव जीती।
  • केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर के संसदीय क्षेत्र करनाल में भाजपा ने लगातार तीसरी बार मेयर चुनाव जीता।
  • केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत और प्रदेश के मंत्री राव नरबीर के गढ़ गुरुग्राम में भाजपा मेयर चुनाव जीती, मगर मानेसर में हार मिली।
  • कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के विधानसभा क्षेत्र में जुलाना नगर पालिका में भाजपा का चेयरमैन बना।
  • कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा के संसदीय क्षेत्र में सिरसा नगर परिषद में भाजपा चेयरमैन बनाने में कामयाब रही।
Dr. Indrajit Yadav has become the Mayor of Manesar
Dr. Indrajit Yadav has become the Mayor of Manesar

10 निगमों में 7 महिलाएं मेयर बनीं

10 नगर निगमों में से 7 में महिलाएं मेयर बनी हैं। जबकि सिर्फ 3 में पुरुष मेयर बने। गुरुग्राम में राज रानी, यमुनानगर में सुमन बहमनी, पानीपत में कोमल सैनी, फरीदाबाद में प्रवीण जोशी, मानेसर में डॉ इंद्रजीत, अंबाला में सैलजा सचदेवा और करनाल में रेणु बाला मेयर चुनाव जीतीं।

फरीदाबाद में सबसे बड़ी जीत और मानेसर में सबसे छोटी हार

नगर निगम चुनाव में सबसे बड़ी जीत फरीदाबाद और सबसे छोटी हार मानेसर में हुई है। फरीदाबाद में भाजपा की प्रवीण जोशी को 3,16,852 वोटों से जीत मिली। उन्होंने कांग्रेस की लता रानी को हराया। वहीं मानेसर में भाजपा के सुंदर लाल को 2,293 वोटों से हार मिली।