डेली संवाद, लुधियाना।
Punjab News: पंजाब के आबकारी एवं कराधान विभाग की शिकायतों के आधार पर लुधियाना पुलिस (Ludhiana Police) ने जीएसटी फर्जीवाड़े के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 कंपनियों और उनके संचालकों के खिलाफ विभिन्न थानों में मामले दर्ज किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कई फर्मों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों, गलत जानकारी, अन्य व्यक्तियों के मोबाइल नंबरों और बैंक खातों का इस्तेमाल कर GST रजिस्ट्रेशन हासिल किया।
इसके बाद फर्जी बिलों के माध्यम से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का अनुचित लाभ उठाकर सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया गया। कर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई राज्य में चल रहे फर्जी GST रजिस्ट्रेशन और टैक्स चोरी के खिलाफ विशेष अभियान का हिस्सा है। विभाग को कई कंपनियों की गतिविधियां संदिग्ध लगी थीं, जिसके बाद विस्तृत जांच शुरू की गई।
इंडस्ट्रीज के खिलाफ केस दर्ज किया
जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस को शिकायतें भेजी गईं और अब संबंधित कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। सबसे पहले दरेसी थाना पुलिस ने स्टेट टैक्स अधिकारी (वार्ड-23) की शिकायत पर अल्फा ट्रेडिंग कंपनी के संचालक रमणदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि कंपनी ने गलत तथ्यों और भ्रामक जानकारी के आधार पर GST रजिस्ट्रेशन प्राप्त किया।
इसी तरह साहनेवाल थाना पुलिस ने सीके इंडस्ट्रीज के खिलाफ केस दर्ज किया है। विभाग का आरोप है कि फर्म ने फर्जी दस्तावेजों के साथ-साथ किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल नंबर और बैंक खाते का उपयोग कर GST नंबर हासिल किया और फर्जी बिलों के जरिए ITC का लाभ प्राप्त किया। डाबा थाना क्षेत्र में भी तीन अलग-अलग कंपनियों पर कार्रवाई की गई है।
अलग-अलग कंपनियों पर कार्रवाई की
पूजा एंटरप्राइजेज, श्री राधे ट्रेडिंग कंपनी और सितम एंटरप्राइजेज के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। विभाग का कहना है कि इन कंपनियों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर GST रजिस्ट्रेशन हासिल किया और टैक्स लाभ लेकर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया। अधिकारियों ने इन कंपनियों के बैंक रिकॉर्ड और लेन-देन की भी जांच शुरू कर दी है।
वहीं, शिमलापुरी थाना पुलिस ने गणपति पैकर्स इंडस्ट्रीज और इसके संचालक अमित कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से सरकार के साथ धोखाधड़ी की गई। इसी थाना क्षेत्र में खालसा इंटरप्राइजेज के संचालक सोहनजीत सिंह के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
GST प्रक्रिया में धोखाधड़ी की
आरोप है कि उसने कथित रूप से जाली दस्तावेजों और फर्जी इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का इस्तेमाल कर GST प्रक्रिया में धोखाधड़ी की। इसके अलावा डिवीजन नंबर-6 थाना पुलिस ने बेनीपाल इंडस्ट्रीज के खिलाफ और टिब्बा थाना पुलिस ने कृष्णा ट्रेडर्स के संचालक कृष्ण कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच में आरोप है कि GST रजिस्ट्रेशन प्राप्त करने के लिए गलत और मनगढ़ंत जानकारी दी गई।
कर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह केवल शुरुआती कार्रवाई है और अभी कई अन्य कंपनियां भी जांच के दायरे में हैं। विभाग विभिन्न दस्तावेजों, बैंक खातों, लेन-देन और GST रिकॉर्ड की गहन जांच कर रहा है। यदि जांच के दौरान और अनियमितताएं सामने आती हैं तो संबंधित कंपनियों और व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान लगातार जारी रहेगा
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फर्जी GST रजिस्ट्रेशन, फर्जी बिलिंग और ITC धोखाधड़ी के जरिए सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
विभाग का उद्देश्य टैक्स प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखना और राजस्व चोरी पर रोक लगाना है। पुलिस और कर विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं तथा आने वाले दिनों में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।