डेली संवाद, नई दिल्ली।
Delhi News: केंद्र सरकार ने दिल्ली पुलिस में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 1994 बैच के AGMUT कैडर के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली का नया पुलिस आयुक्त (कमिश्नर) नियुक्त किया है। वह वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे।
गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया। जारी आदेश के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद अनुराग कुमार (Anurag Kumar IPS) को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस का आयुक्त नियुक्त किया गया है। वह 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा का स्थान लेंगे।
सतीश गोलचा को हटाया
गृह मंत्रालय ने अपने आदेश में सतीश गोलचा (Satish Golcha) को दिल्ली पुलिस आयुक्त के पद से तत्काल प्रभाव से हटाते हुए निर्देश दिया है कि नए आयुक्त के कार्यभार संभालने के बाद वह अपनी अगली नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) को रिपोर्ट करें। उल्लेखनीय है कि गोलचा का कार्यकाल अगले वर्ष मई तक निर्धारित था, लेकिन निर्धारित अवधि से करीब 11 महीने पहले ही उन्हें पद से हटा दिया गया।
इस फैसले को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमे में विभिन्न तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। अनुराग कुमार को एक अनुभवी और कुशल आईपीएस अधिकारी माना जाता है। उन्होंने अपने सेवा काल में खुफिया और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाए हैं। आईबी में स्पेशल डायरेक्टर के रूप में उनका अनुभव दिल्ली पुलिस के नेतृत्व में अहम माना जा रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी की सुरक्षा
दिल्ली पुलिस देश की सबसे महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों में से एक है, क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी की सुरक्षा, वीवीआईपी प्रोटोकॉल, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील मामलों की जिम्मेदारी इसी बल के पास होती है। ऐसे में अनुराग कुमार की नियुक्ति को सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस प्रशासन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।