Skip to content

Narendra Modi: पंजाब में 13 जुलाई को आ सकते हैं PM नरेंद्र मोदी, जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का कर सकते हैं उद्घाटन

PM-Narendra-Modi
PM-Narendra-Modi
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, जालंधर। Narendra Modi in Punjab: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री Narendra Modi के पंजाब दौरे की चर्चाएं तेज हो गई हैं। रेलवे के उच्च पदस्थ और विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 जुलाई को पंजाब आ सकते हैं। इस दौरान उनके जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित और आधुनिक स्वरूप का उद्घाटन करने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों का दावा है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा केवल रेलवे स्टेशन के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहेगा। जालंधर या दोआबा क्षेत्र में प्रधानमंत्री की एक बड़ी जनसभा आयोजित करने की तैयारी भी चल रही है। माना जा रहा है कि इस रैली के जरिए प्रधानमंत्री पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के प्रचार अभियान का शंखनाद कर सकते हैं।

राजनीतिक रूप से अहम

प्रधानमंत्री मोदी पिछले दिनों डेरा बल्लां भी आ चुके हैं। ऐसे में दोआबा क्षेत्र में उनकी संभावित रैली को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। भाजपा नेताओं और संगठन की ओर से भी संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू होने की चर्चा है।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

प्रधानमंत्री के संभावित दौरे की सूचना के बाद प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस अलर्ट मोड पर आ गए हैं। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की संभावना है। स्टेशन परिसर, रेलवे ट्रैक, प्रवेश द्वारों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा सकती है।

आधिकारिक पुष्टि नहीं

हालांकि, रेलवे के जनरल मैनेजर राजेश कुमार पांडे ने प्रधानमंत्री के दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि शीर्ष अधिकारियों से जो भी आदेश प्राप्त होंगे, उसी के अनुसार कार्यक्रम तय किया जाएगा। बता दें कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन को केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। स्टेशन के पुनर्विकास के बाद यात्रियों को बेहतर प्रवेश व्यवस्था, आधुनिक प्रतीक्षालय, साफ-सफाई, पार्किंग और अन्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। यदि प्रधानमंत्री का दौरा तय होता है, तो यह जालंधर और दोआबा क्षेत्र के लिए विकास और राजनीति दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाएगा।