डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर के थाना लांबड़ा के अधीन आते गांव गद्दो वाली में देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए सोने के गहने और नकदी चोरी कर ली। चोर खिड़की का कांच तोड़कर घर में दाखिल हुए और अलमारी व लॉकर तोड़कर करीब 2 तोले सोने के गहने और 40 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार ने मामले की शिकायत थाना लांबड़ा पुलिस को दे दी है।
पीड़ित परिवार के मुखिया गुरमीत राम ने बताया कि रात करीब 2 बजे वह वॉशरूम जाने के लिए उठे थे। उस समय घर में सब कुछ सामान्य था। इसके बाद चोर खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए। वारदात के दौरान गुरमीत राम पास वाले कमरे में सो रहे थे। उन्होंने खिड़की का कांच टूटने की आवाज भी सुनी, लेकिन इसे सामान्य आवाज समझकर नजरअंदाज कर दिया।
गुरमीत राम के मुताबिक, वह रोजाना सुबह करीब 5 से सवा 5 बजे के बीच उठते हैं। शनिवार सुबह करीब सवा 5 बजे जब उन्होंने कमरे से बाहर निकलने के लिए दरवाजा खोला तो दरवाजा नहीं खुला। उन्हें किसी अनहोनी का शक हुआ। जोर लगाने पर किसी तरह दरवाजा खुला तो बाहर एक बड़ी मेज रखी हुई थी। इसके बाद उन्होंने घर की जांच की तो अलमारी खुली मिली, कपड़े बिखरे हुए थे और लॉकर टूटा हुआ था।
40 हजार रुपये की नकदी चोरी
सामान की जांच करने पर पता चला कि घर से सोने की चेन, अंगूठियां और टॉप्स समेत करीब 2 तोले सोने के गहने गायब थे। इसके अलावा 40 हजार रुपये की नकदी भी चोरी हुई है।
पीड़ित ने बताया कि घर के पीछे खेत होने के कारण चोरों ने संभवतः उसी रास्ते से घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। मौके पर गीली मिट्टी में चोरों के पैरों के निशान भी मिले हैं। निशानों से पता चलता है कि चोर नंगे पैर आए थे। कई जगह पैरों के फिसलने के निशान भी दिखाई दे रहे हैं।
शादी के लिए जोड़कर रखे थे पैसे
गुरमीत राम ने बताया कि चोरी हुई 40 हजार रुपये की रकम उन्होंने अपने दूसरे बेटे की शादी के लिए जोड़कर रखी थी। उनका एक बेटा शादीशुदा है, जबकि दूसरे बेटे की शादी होनी है। इसी के लिए उन्होंने 100, 50, 20 और 10 रुपये के नोट इकट्ठे करके रकम जमा की थी।
पीड़ित परिवार अपने स्तर पर भी चोरों का पता लगाने के लिए आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है। वहीं, घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। परिवार ने पुलिस से चोरों को जल्द ट्रेस कर चोरी हुआ सामान बरामद करवाने की मांग की है।