Skip to content

Chamba Bus Accident: हिमाचल में बड़ा हादसा, खाई में गिरी बस, अब तक 10 लोगों की मौत, राहत और बचाव कार्य जारी

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। बैरागढ़-चंबा मार्ग पर शर्मा ट्रैवलर्स की निजी बस खाई में गिरने से चालक-परिचालक समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।

Chamba Bus Accident: हिमाचल में बड़ा हादसा, खाई में गिरी बस, अब तक 10 लोगों  की मौत, राहत और बचाव कार्य जारी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंबा। Chamba Bus Accident: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिले के उपमंडल चुराह के अंतर्गत बैरागढ़-चंबा मार्ग पर शर्मा ट्रैवलर्स की एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में चालक और परिचालक समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब सात यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, शर्मा ट्रैवलर्स की बस शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस ने करीब तीन किलोमीटर का ही सफर तय किया था कि देवीकोठी के समीप चालुज मोड़ पर चालक बस से संतुलन खो बैठा। इसके बाद बस सड़क से नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी।

15 से 16 यात्री सवार थे

हादसे के समय बस में करीब 15 से 16 यात्री सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बस से बाहर निकालकर तुरंत सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रशासन को आशंका है कि बस के मलबे के नीचे कुछ और यात्री दबे हो सकते हैं, इसलिए बस को सीधा करने का प्रयास किया जा रहा है।

पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर भेज दी गई थीं। घायलों का इलाज सिविल अस्पताल तीसा में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटा है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।