डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर नगर निगम हाउस की बैठक आज मेयर वनीत धीर की अगुवाई में हुई। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह और नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि समेत पार्षद मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत मेयर वनीत धीर की स्वर्गीय माता श्रीमती आशा धीर को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
बैठक शुरू होने के बाद शहर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इसी दौरान विपक्ष के नेता पवन कुमार ने विज्ञापन और यूनिपोल को लेकर सवाल उठाए। सवाल-जवाब के बीच मामला गरमा गया और देखते ही देखते सदन में हंगामा शुरू हो गया।
पार्षद आमने-सामने
विज्ञापन और यूनिपोल के मुद्दे पर विपक्ष और सत्ता पक्ष के पार्षद आमने-सामने आ गए। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब एक कांग्रेस पार्षद ने सदन में एजेंडा फाड़कर फेंक दिया। इसके बाद कांग्रेस और भाजपा पार्षदों ने जमकर नारेबाजी की और सदन का माहौल काफी गरमा गया।

भारी हंगामे के बीच मेयर वनीत धीर ने खुद एजेंडा पढ़ना शुरू किया। शोर-शराबे और विरोध के बावजूद मेयर ने एजेंडे को पढ़कर पारित कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के पार्षदों के बीच तीखी बहस और नारेबाजी जारी रही।
तीखी बहस और नारेबाजी
नगर निगम हाउस की बैठक में हुए इस हंगामे ने एक बार फिर शहर के राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। विपक्ष ने जहां विज्ञापन और यूनिपोल से जुड़े मामलों को लेकर सवाल उठाए, वहीं सत्ता पक्ष की ओर से एजेंडा पारित करवाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
बैठक के दौरान काफी देर तक सदन में हंगामे की स्थिति बनी रही। कांग्रेस और भाजपा पार्षदों के बीच हुई नोकझोंक के कारण बैठक का माहौल तनावपूर्ण नजर आया। हालांकि, मेयर वनीत धीर ने स्थिति को संभालते हुए बैठक की कार्यवाही जारी रखी और एजेंडा पारित कर दिया।