Skip to content

Jalandhar News: जालंधर के सरकारी स्कूल में लगाया खालिस्तानी झंडा, सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस अलर्ट

पन्नू द्वारा जारी वीडियो में स्कूल की दीवार और प्रिंसिपल के कार्यालय के बाहर कथित रूप से खालिस्तान से जुड़ा झंडा दिखाई देने का दावा किया गया है।

Jalandhar News: जालंधर के सरकारी स्कूल में लगाया खालिस्तानी झंडा, सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस अलर्ट
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर जिले के शाहकोट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव कोटला हेरां के सरकारी मिडिल स्कूल में खालिस्तान समर्थक झंडा लगाए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का दावा प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक वीडियो जारी कर किया है।

आधिकारिक पुष्टि नहीं

पन्नू द्वारा जारी वीडियो में स्कूल की दीवार और प्रिंसिपल के कार्यालय के बाहर कथित रूप से खालिस्तान से जुड़ा झंडा दिखाई देने का दावा किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक वीडियो की प्रामाणिकता या पन्नू के दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। पुलिस टीम ने स्कूल पहुंचकर वहां से लगाए गए झंडे को कब्जे में लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

स्वतंत्रता दिवस से पहले सामने आए इस घटनाक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पुलिस प्रशासन संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रख रहा है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

इस बीच, गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अपने वीडियो संदेश में पंजाब के छात्रों और युवाओं से 15 अगस्त के कार्यक्रमों से दूर रहने की अपील की। उसने यह भी कहा कि पंजाब में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वतंत्रता दिवस समारोहों का विरोध किया जाना चाहिए।